व्हाट्सऐप वेब इस्तेमाल करने वालों के लिए गृह मंत्रालय ने जारी की चेतावनी
क्या है खबर?
व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल करते समय छोटी सी लापरवाही भी आपके निजी मैसेजेस और अकाउंट की सुरक्षा खतरे में डाल सकती है। गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने इस संबंध में नई चेतावनी जारी की है। एजेंसी ने कहा है कि सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर अपना व्हाट्सऐप अकाउंट खोलना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे कंप्यूटर पर लॉगिन रहने से दूसरे लोग आपके अकाउंट तक पहुंच बना सकते हैं।
ठगी
अकाउंट का इस्तेमाल कर आपके नाम पर हो सकती है ठगी
I4C की राष्ट्रीय साइबर अपराध खतरा विश्लेषण इकाई के अनुसार, कंप्यूटर पर खुला व्हाट्सऐप वेब अकाउंट साइबर अपराधियों के लिए गलत इस्तेमाल का जरिया बन सकता है।
वे आपकी निजी बातचीत और ग्रुप मैसेज देख सकते हैं। इसके अलावा, संपर्कों तक पहुंच बनाकर आपके नाम से मैसेज भेज सकते हैं।
इस तरह किसी परिचित को झांसे में लेकर पैसे मांगने, फर्जी लिंक भेजने या दूसरी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दिया जा सकता है।
लॉगआउट
कंप्यूटर बंद करने से नहीं होगा लॉगआउट
साइबर एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि व्हाट्सऐप वेब इस्तेमाल करने के बाद सिर्फ वेब ब्राउजर बंद कर देना पर्याप्त नहीं है।
अकाउंट का सेशन सक्रिय रह सकता है, इसलिए हर बार खुद लॉगआउट करना जरूरी है। एजेंसी ने सार्वजनिक या ऑफिस के साझा कंप्यूटर पर निजी बातचीत करने से भी बचने को कहा है।
बैंक अकाउंट, सरकारी कामकाज और दूसरी गोपनीय जानकारियां ऐसे कंप्यूटर पर खुले व्हाट्सऐप अकाउंट के जरिए साझा नहीं करनी चाहिए।
बचाव
साइबर कैफे और अनजान डिवाइस पर लॉगिन करने से बचें
I4C ने लोगों को साइबर कैफे, होटल के सार्वजनिक कंप्यूटर और दूसरे अनजान सिस्टम पर व्हाट्सऐप वेब नहीं खोलने की सलाह दी है।
साथ ही अकाउंट से बिना जानकारी के संदेश भेजे जाने या संपर्कों की ओर से असामान्य जवाब मिलने पर सतर्क रहने को कहा है। सुरक्षा के लिए कंप्यूटर और ब्राउजर को अपडेट रखें।
अनजान फाइलें डाउनलोड करने और संदिग्ध सॉफ्टवेयर इस्तेमाल करने से भी बचें। जरूरत पड़ने पर निजी ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल किया जा सकता है।