Loading...
एल्युमीनियम फॉइल से क्या घर में बेहतर हो सकता है वाई-फाई सिग्नल?
एल्युमीनियम फॉइल वाई-फाई सिग्नल को बेहतर बनाने में काम आता है

एल्युमीनियम फॉइल से क्या घर में बेहतर हो सकता है वाई-फाई सिग्नल?

Jul 18, 2026
06:13 pm

क्या है खबर?

धीमे वाई-फाई की समस्या से निपटने के लिए आम तौर पर लोग नया राउटर खरीदते हैं, जिस पर कई हजार रुपये का खर्चा आता है। हालांकि, आप इतना खर्चा करने से पहले एक घरेलू तरीका अपना सकते हैं, जिसमें एक ऐसी चीज का इस्तेमाल होता है, जो ज्यादातर रसोईघरों में पहले से ही होती है। यह चीज एल्युमीनियम फॉइल है। इसकी मदद से आप वाई-फाई सिग्नल को बेहतर बना सकते हैं। आइए जानते हैं यह कैसे काम करता है।

समस्या 

राउटर में यह आती है समस्या 

राउटर डिफॉल्ट रूप से सभी दिशाओं में सिग्नल भेजते हैं, जिसका मतलब है कि सिग्नल का एक बड़ा हिस्सा दीवारों, छतों या ऐसे कमरों की तरफ चला जाता है, जहां कवरेज की जरूरत नहीं होती है।

जिस कमरे में असल में मजबूत कनेक्शन की जरूरत होती है, वहां सिग्नल का बहुत कम हिस्सा ही पहुंच पाता है।

राउटर को कैबिनेट के अंदर, कोने में या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान के पास रखने से सिग्नल और कमजोर हो जाता है।

अध्ययन 

अध्ययन में यह आया सामने 

सिग्नल का असमान रूप से फैलने के कारण एक कमरे में तो पूरे सिग्नल मिलते हैं, जबकि दूसरे कमरे में सिग्नल कमजोर रहता है।

डार्टमाउथ कॉलेज के कंप्यूटर साइंस विभाग की रिसर्च के अनुसार, राउटर के एंटीना के पीछे एक खास आकार का फॉइल रिफ्लेक्टर लगाने से सिग्नल की ताकत को उन जगहों की ओर प्रभावी ढंग से भेजा जा सकता है, जहां इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है और इसके लिए किसी अतिरिक्त हार्डवेयर की भी जरूरत नहीं पड़ती है।

ADVERTISEMENT

तरीका 

ऐसे काम करता है यह तरीका 

वाई-फाई सिग्नल रेडियो तरंगें होती हैं और ये एल्युमीनियम फॉइल जैसी कंडक्टिव मेटल की सतहों से टकराकर वापस लौटती हैं, ठीक वैसे ही जैसे रोशनी शीशे से टकराकर लौटती है।

जब फॉइल को घुमावदार आकार देकर राउटर के एंटीना के पीछे लगाया जाता है तो यह एक रिफ्लेक्टर की तरह काम करता है।

यह सिग्नल को हर तरफ फैलने देने के बजाय एक ही दिशा में भेजता है। यह तरीका घर के अंदर वायरलेस कवरेज को बेहतर बना सकता है।

ADVERTISEMENT

बनाना

ऐसे लगाएं एल्युमीनियम फॉइल

बेस के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए लगभग 8-इंच गुणा 10-इंच का कार्डबोर्ड का टुकड़ा काटें और एक तरफ एल्युमीनियम फॉइल को अच्छी तरह से चिपका दें, ताकि चमकदार हिस्सा बाहर की तरफ रहे।

फॉइल लगे कार्डबोर्ड को C-शेप जैसा मोड़ दें क्योंकि मुड़ी हुई सतह सपाट शीट की तुलना में रिफ्लेक्टेड सिग्नल को ज्यादा केंद्रित करती है।

आकार को बनाए रखने के लिए किनारों पर कार्डबोर्ड के छोटे सपोर्ट लगाएं। रिफ्लेक्टर को राउटर के ठीक पीछे रखें।

सावधानी 

इन बातों का रखें ध्यान

फॉइल को कभी भी राउटर के चारों ओर नहीं लपेटना चाहिए, क्योंकि इससे हवा का आना-जाना रुक जाता है और राउटर ज्यादा गर्म हो सकता है।

रिफ्लेक्टर सिर्फ एंटीना के पीछे एक दिशा देने वाली दीवार की तरह काम करता है न कि डिवाइस के किसी हिस्से को ढकने वाले कवर की तरह।

यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि जिन घरों में राउटर के बीच मोटी कंक्रीट की दीवारें या कई मंजिलें हों, वहां फॉइल काम नहीं आएगी।

ADVERTISEMENT