Page Loader
ग्रिंडर ऐप पर लड़की बनकर धोखाधड़ी कर रहे लड़के, बरतें ये सावधानियां 
ग्रिंडर ऐप पर कई लोग यूजर्स के साथ ठगी को अंजाम दे रहे हैं (तस्वीर: एक्स/@LyricVault)

ग्रिंडर ऐप पर लड़की बनकर धोखाधड़ी कर रहे लड़के, बरतें ये सावधानियां 

Jun 01, 2025
06:42 pm

क्या है खबर?

वर्तमान में लोग मनपसंद साथी की तलाश के लिए डेटिंग ऐप्स का सहारा ले रहे हैं। अगर, आप भी ऐसी किसी ऐप का इस्तेमाल करते हैं तो सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि कई लोग इन ऐप के जरिए धोखाधड़ी भी करने लगे हैं। हाल ही में एक ऐसी ही डेटिंग ऐप ग्रिंडर से जालसाजी करने के मामले सामने आए हैं। आइए जानते हैं क्या है ग्रिंडर ऐप और इससे कैसे ठगी को अंजाम दिया जा रहा है।

ग्रिंडर 

क्या है ग्रिंडर ऐप?

ग्रिंडर एक लोकेशन-बेस्ड डेटिंग ऐप है, जिसे खास तौर पर LGBTQ+ कम्युनिटी, गे पुरुषों के लिए बनाया गया था। यह ऐप यूजर्स को उनके आस-पास मौजूद दूसरे यूजर्स से चैट करने, दोस्ती करने या डेट पर जाने का मौका देती है। अगर, इसका सही इस्तेमाल किया जाए तो यह LGBTQ+ समुदाय के लिए एक मजबूत सोशल नेटवर्किंग टूल हो सकता है, लेकिन कोई इसका गलत फायदा उठाना चाहे तो यह खतरनाक भी साबित हो सकता है।

तरीका 

कैसे हो रही धोखाधड़ी?

इस ऐप पर कई लोग फेक प्रोफाइल्स बनाकर दूसरों को धोखा दे रहे हैं। कुछ लड़के लड़कियों की तस्वीरें या नकली नाम और जानकारी डालकर प्रोफाइल बनाते हैं, ताकि वे दूसरे यूजर्स को झांसे में ले सकें। इसका मकसद लोगों से पैसे ऐंठना, ब्लैकमेल करना या निजी जानकारी चुराना होता है। इसके अलावा जालसाज आपत्तिजनक फोटो मंगवाकर भी लोगों के साथ धोखाधड़ी करते हैं। वे आपकी निजी जानकारी का इस्तेमाल आपके बैंक अकाउंट खाली करने में भी कर सकते हैं।

बचाव 

ऐसे रहें धोखाधड़ी से सुरक्षित 

ग्रिंडर जैसे डेटिंग प्लेटफॉर्म्स संवेदनशील होते हैं, क्योंकि यहां लोग अपनी पहचान के साथ खुलते हैं। किसी भी धोखाधड़ी से बचने के लिए ऑनलाइन चैट या मुलाकात से पहले व्यक्ति की पहचान जांच लें और अपनी निजी जानकारी शेयर करने से पहले सोच-समझकर कदम उठाएं। अपना आपत्तिजनक फोटो भूलकर भी न डालें, क्योंकि इसका गलत इस्तेमाल हो सकता है। इन फोटोज को पोर्न साइट्स पर बेचा जा सकता है और आपको ब्लैकमेल करने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं।