एपस्टीन फाइल्स विवाद के बीच इंडिया AI समिट में शामिल नहीं होंगे बिल गेट्स
क्या है खबर?
दिल्ली में चल रहे AI इम्पैक्ट समिट 2026 में माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स शामिल नहीं होंगे। इससे पहले बीते दिन कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि बिल गेट्स कार्यक्रम के तीसरे दिन मुख्य भाषण दे सकते हैं। गेट्स फाउंडेशन ने भी पहले संकेत दिया था कि वह भाषण देंगे। हालांकि, अब संगठन ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि गेट्स इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे।
वजह
क्यों बदला गया फैसला?
गेट्स फाउंडेशन ने अपने बयान में कहा कि बहुत सोच-समझकर यह निर्णय लिया गया है कि गेट्स कीनोट एड्रेस नहीं देंगे। संगठन का कहना है कि यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि समिट की मुख्य प्राथमिकताओं और चर्चाओं पर पूरा ध्यान बना रहे। हाल के दिनों में गेट्स का नाम जेफरी एपस्टीन से जुड़े पुराने दस्तावेजों में आने के कारण विवाद और ऑनलाइन बहस भी तेज हुई है, जिसे इस फैसले की एक वजह माना जा रहा है।
प्रतिनिधित्व
कौन करेगा अब प्रतिनिधित्व?
गेट्स फाउंडेशन की ओर से अब अफ्रीका और इंडिया ऑफिस के प्रेसिडेंट अंकुर वोरा समिट में हिस्सा लेंगे। वही कार्यक्रम के दौरान संगठन का प्रतिनिधित्व करेंगे और निर्धारित सत्र में अपनी बात रखेंगे। फाउंडेशन ने साफ किया है कि भारत में हेल्थ और डेवलपमेंट से जुड़े साझा लक्ष्यों के लिए उनका सहयोग पहले की तरह जारी रहेगा। संगठन ने यह भी दोहराया कि भारत के साथ उसकी साझेदारी मजबूत और दीर्घकालिक है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें गेट्स फाउंडेशन का पोस्ट
— Gates Foundation India (@BMGFIndia) February 19, 2026
निर्णय
विवाद के बीच लिया गया निर्णय
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब गेट्स को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा चल रही है। एपस्टीन से जुड़े पुराने मामलों में नाम आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। हालांकि, गेट्स फाउंडेशन ने सीधे तौर पर विवाद को कारण नहीं बताया, लेकिन बढ़ती जांच और बहस के बीच यह निर्णय लिया गया। फिलहाल समिट भारत मंडपम में जारी है और अन्य वैश्विक नेता इसमें भाग ले रहे हैं।