Page Loader
2032 में पृथ्वी से टकरा सकता है विशाल एस्ट्रोयड, कितना है इससे खतरा?
2032 में पृथ्वी से टकरा सकता है विशाल एस्ट्रोयड (प्रतीकात्मक तस्वीर: नासा)

2032 में पृथ्वी से टकरा सकता है विशाल एस्ट्रोयड, कितना है इससे खतरा?

Feb 03, 2025
06:24 pm

क्या है खबर?

वैज्ञानिकों ने 2024 YR4 नामक एक बड़े एस्ट्रोयड की पहचान की है, जो 22 दिसंबर, 2032 को पृथ्वी से टकरा सकता है। इसका आकार 40 से 90 मीटर के बीच है, जो एक फुटबॉल मैदान जितना बड़ा हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय चेतावनी एस्ट्रोयड नेटवर्क (IAWN) ने इसे संभावित खतरे के रूप में सूचीबद्ध किया है। वैज्ञानिक फिलहाल इसकी कक्षा की सटीक गणना कर रहे हैं, क्योंकि अप्रैल के बाद इसे देखना मुश्किल हो जाएगा।

खतरा

कितना बड़ा है खतरा?

अगर 2024 YR4 पृथ्वी से टकराता है, तो इसका प्रभाव विनाशकारी हो सकता है। इसकी टक्कर से 8-10 मेगाटन TNT के बराबर ऊर्जा उत्पन्न होगी, जो हिरोशिमा बम से कई गुना ज्यादा होगी। 2013 में रूस के चेल्याबिंस्क में 17-20 मीटर के उल्कापिंड से हजारों इमारतें क्षतिग्रस्त हुई थीं और 1,500 लोग घायल हुए थे। वैज्ञानिकों के अनुसार, 2032 में इसके पृथ्वी से टकराने की संभावना केवल 1.6 प्रतिशत है, लेकिन इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता है।

जगह

कहां गिर सकता है यह एस्ट्रोयड?

IAWN के अनुमान के मुताबिक, अगर यह एस्ट्रोयड पृथ्वी से टकराता है, तो इसका प्रभाव क्षेत्र प्रशांत महासागर, उत्तरी दक्षिण अमेरिका, अटलांटिक महासागर, अफ्रीका, अरब सागर और दक्षिण एशिया तक फैला हो सकता है। अगर यह महासागर में गिरता है, तो इससे विशालकाय लहरें उठ सकती हैं, लेकिन सुनामी की संभावना कम है। हालांकि, अगर यह किसी आबादी वाले इलाके में गिरा, तो भारी तबाही मच सकती है। वैज्ञानिक इसकी कक्षा को लगातार ट्रैक कर रहे हैं।