यूट्यूब पर बार-बार गलत वीडियो आ रहे? ऐसे सुधारें अपनी फीड
क्या है खबर?
यूट्यूब पर हर दिन लाखों वीडियो अपलोड होते हैं, इसलिए पसंद का नया कंटेंट ढूंढने में इसके सुझाव काफी मदद करते हैं। कई बार देखने और सर्च करने की पुरानी आदतों के कारण होमपेज पर ऐसे वीडियो आने लगते हैं, जिनमें आपकी दिलचस्पी नहीं होती। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान तरीकों से यूट्यूब को दोबारा अपनी पसंद समझाई जा सकती है। इसके लिए अपनी देखने की हिस्ट्री और गतिविधियों को सही तरीके से मैनेज करना जरूरी है।
#1
पहले देखने की हिस्ट्री चालू रखें
सबसे पहले यह जांचें कि आपके गूगल अकाउंट में यूट्यूब हिस्ट्री चालू है।
इसके लिए प्रोफाइल आइकन दबाकर गूगल अकाउंट में जाएं और डेटा व प्राइवेसी विकल्प खोलें। यहां यूट्यूब हिस्ट्री की सेटिंग जांचें। इसके बाद पसंद वाले वीडियो पूरे देखें, उन्हें लाइक करें और अच्छे चैनलों को सब्सक्राइब करें।
जरूरत हो तो घंटी दबाकर नोटिफिकेशन भी चालू करें। इससे यूट्यूब को आपकी पसंद के बारे में साफ संकेत मिलेंगे और सुझाव धीरे-धीरे बेहतर होंगे।
#2
पसंद नहीं तो तुरंत फीडबैक दें
अगर यूट्यूब बार-बार ऐसा वीडियो दिखा रहा है, जिसे आप नहीं देखना चाहते, तो उसके तीन डॉट वाले विकल्प पर जाएं। वहां 'रुचि नहीं है' चुन सकते हैं।
अगर पूरा चैनल पसंद नहीं है, तो 'चैनल की सिफारिश न करें' विकल्प इस्तेमाल करें। पसंद आने वाले वीडियो पर लाइक और कमेंट करें, जबकि बेकार चैनलों को अनसब्सक्राइब कर दें।
इस तरह सकारात्मक और नकारात्मक संकेत दोनों मिलेंगे। हालांकि बदलाव दिखने में थोड़ा समय लग सकता है।
#3
गलत वीडियो की हिस्ट्री हटाएं
अगर परिवार के किसी सदस्य ने आपके अकाउंट से अलग तरह के वीडियो देखे हैं, तो उनकी हिस्ट्री हटाना बेहतर होगा।
यूट्यूब की हिस्ट्री में जाकर अनचाहे वीडियो और सर्च को चुनकर हटाया जा सकता है। टीवी पर अलग-अलग लोगों के लिए अलग अकाउंट रखें, ताकि उनकी पसंद आपके सुझावों को प्रभावित न करे।
ऐसे वीडियो देखने के लिए इन्कॉग्निटो मोड भी इस्तेमाल कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर पुरानी हिस्ट्री हटाकर फिर से अपनी पसंद के वीडियो देखें।