अरट्टई पर मिला चैट बैकअप फीचर, जानिए कैसे करें उपयोग
क्या है खबर?
जोहो के मैसेजिंग ऐप अरट्टई ने कई महीनों के इंतजार के बाद चैट बैकअप फीचर आखिरकार पेश कर दिया है। यह फीचर एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इस अपडेट से यूजर्स चैट और मीडिया का क्लाउड पर बैकअप ले सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें रिस्टोर कर सकते हैं, जिससे यह सेवा व्हाट्सऐप जैसे प्रतिद्वंद्वियों के करीब पहुंच गई है। यूजर अब चैट डाटा को क्लाउड सर्विसेज पर स्टोर कर सकते हैं।
फीचर
ऐसे काम करता है यह फीचर
एंड्रॉयड पर बैकअप गूगल ड्राइव में सेव होते हैं, जबकि आईफोन यूजर आईक्लाउड का उपयोग कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि बैकअप एन्क्रिप्टेड होते हैं, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि चैट ऑनलाइन स्टोर होने पर भी सुरक्षित रहें। फीचर डिवाइस बदलने या ऐप को दोबारा इंस्टॉल करने पर चैट को रीस्टोर करने की सुविधा भी देता है। यूजर फोटो, वीडियो और दस्तावेज जैसी मीडिया फाइल्स को शामिल करना चाहते हैं या नहीं, यह चुन सकते हैं।
बैकअप
ऐसे ले सकते हैं बैकअप
फीचर का इस्तेमाल करने के लिए ऐप का लेटेस्ट वर्जन डाउनलोड करना होगा। इसके बाद ऐप खोलकर सेटिंग्स पर क्लिक कर चैट्स पर जाकर चैट बैकअप पर टैप करें इसके बाद अपना क्लाउड अकाउंट (गूगल ड्राइव या आईक्लाउड) चुनें। बैकअप इनेबल करें या अभी बैकअप लें पर टैप करें। ऑटोमैटिक बैकअप के दिन (दैनिक, साप्ताहिक, मासिक) निर्धारित कर सकते हैं। यूजर्स अतिरिक्त सुरक्षा के लिए एन्क्रिप्टेड बैकअप भी इनेबल कर सकते हैं और रिकवरी-की जनरेट कर सकते हैं।
रीस्टोर
बैकअप को ऐसे करें रीस्टोर
नए डिवाइस पर या ऐप रीइंस्टॉल करने के बाद चैट को रीस्टोर करने के लिए ऐप खोलें और अपने रजिस्टर्ड अकाउंट से लॉग-इन करें। पूछे जाने पर 'बैकअप रीस्टोर करें' पर टैप करें, गूगल ड्राइव या आईक्लाउड से बैकअप चुनने के बाद रीस्टोर प्रक्रिया पूरी होने तक प्रतीक्षा करें। इसके लिए एक स्थिर इंटरनेट कनेक्शन सुनिश्चित करें। अगर, बड़ा बैकअप है तो वाई-फाई कनेक्शन होना चाहिए। बैकअप शुरू करने से पहले डिवाइस में पर्याप्त स्टोरेज की जांच कर लें।