ऐपल 4 मार्च को 'स्पेशल ऐपल एक्सपीरियंस' इवेंट करेगी आयोजित, क्या कुछ हो सकता है लॉन्च?
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी ऐपल अगले महीने एक बड़ा लॉन्च इवेंट आयोजित करने वाली है, जिसमें कई डिवाइस लॉन्च होने की उम्मीद है। ऐपल ने घोषणा की है कि वह 4 मार्च, 2026 को 'स्पेशल ऐपल एक्सपीरियंस' नाम से एक खास कार्यक्रम करेगा। भारतीय समय अनुसार यह इवेंट 4 मार्च को शाम 7:30 शुरू होगा। कंपनी न्यूयॉर्क, लंदन और शंघाई में इन-पर्सन कार्यक्रम भी आयोजित करेगी, जिससे यह एक बड़ा ग्लोबल लॉन्च माना जा रहा है।
मैकबुक
नए मैकबुक और आईफोन पर नजर
रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐपल इस इवेंट में नए मैकबुक मॉडल पेश कर सकता है। A18 प्रो चिप वाला सस्ता मैकबुक और M5 चिप से लैस मैकबुक एयर लॉन्च होने की संभावना है। इसके अलावा, M5 प्रो और M5 मैक्स वाले मैकबुक प्रो भी आ सकते हैं। मोबाइल सेगमेंट में किफायती आईफोन 17e को भी पेश किए जाने की चर्चा है, जिससे ज्यादा यूजर्स को आकर्षित करने की तैयारी दिख रही है।
आईपैड
आईपैड और डिस्प्ले में बड़े बदलाव संभव
ऐपल अपनी आईपैड रेंज में भी अपडेट ला सकता है। खबर है कि बेस आईपैड में A18 चिप दी जा सकती है, जबकि आईपैड एयर को M4 प्रोसेसर के साथ पेश किया जा सकता है। इससे टैबलेट की परफॉर्मेंस और मल्टीटास्किंग बेहतर होगी। कंपनी नए मैक डिस्प्ले पर भी काम कर रही है। लंबे समय बाद डिस्प्ले लाइनअप में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे प्रोफेशनल यूजर्स को फायदा होगा।
फीचर्स
सॉफ्टवेयर अपडेट और AI फीचर्स
हार्डवेयर के साथ सॉफ्टवेयर अपडेट की भी उम्मीद है। ऐपल iOS 26.4 का पहला बीटा जारी कर सकता है। इसमें सिरी के नए अपग्रेड शामिल हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ AI फीचर गूगल जेमिनी की मदद से बेहतर बनाए जा सकते हैं। हालांकि, कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कुछ कन्फर्म नहीं किया है। लेकिन माना जा रहा है कि 4 मार्च का इवेंट इस साल का बड़ा टेक लॉन्च साबित हो सकता है।