ऐपल 2027 के अंत तक लॉन्च करेगी स्मार्ट ग्लासेज, स्मार्टवॉच की रणनीति पर करेगी काम
क्या है खबर?
ऐपल अगले साल के अंत तक अपने स्मार्ट ग्लासेज को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी को उम्मीद है कि उसका यह नया उत्पाद उसी सफलता की राह पर चलेगा, जिस पर उसने वर्षों पहले ऐपल वॉच को लॉन्च किया था। आईफोन निर्माता ने पहले कोडनेम N50 वाले स्मार्ट ग्लासेज को 2026 के अंत तक लॉन्च करने की योजना बनाई थी, लेकिन परियोजना में देरी हुई है और नई रिपोर्ट के अनुसार, अब 2027 तक आ सकते हैं।
रणनीति
स्मार्टवॉच सेगमेंट में बनाया दबदबा
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन की एक रिपोर्ट के अनुसार, ऐपल को आईवियर सेगमेंट में भी वैसा ही अवसर दिख रहा है, जैसा उसे 2015 में पहली ऐपल वॉच लॉन्च करते समय वॉच कैटेगरी में दिखा था। उस समय स्मार्टवॉच एक विशिष्ट श्रेणी थी, जिस पर सैमसंग, मोटोरोला, LG और पेबल जैसे ब्रांड्स् का दबदबा था। स्मार्टवॉच लाने के पीछे कंपनी का उद्देश्य ग्राहकों की घड़ियों को आईफोन से जुड़ने, स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों को ट्रैक करने और समय बताना था।
अवसर
ग्लासेज बाजार करीब 18,000 अरब रुपये तक पहुंचने का अनुमान
कंपनी स्मार्टवॉच जैसी रणनीति अपनाकर मेटा के दबदबे वाले स्मार्ट ग्लास सेगमेंट के साथ-साथ आईवियर बाजार में भी अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। गुरमन का कहना है कि ग्लासेज का बाजार इसके लिए एक बड़ा अवसर है क्योंकि वैश्विक ग्लासेज उद्योग का वार्षिक मूल्य लगभग 200 अरब डॉलर (करीब 18,000 अरब रुपये) होने का अनुमान है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का अनुमान है कि दुनियाभर में लगभग 2.2 अरब लोग किसी न किसी प्रकार की दृष्टिहीनता से ग्रस्त हैं।