ऐपल ने iOS 27 समेत अन्य नए OS का पब्लिक बीटा किया जारी, कैसे करें इंस्टॉल?
क्या है खबर?
ऐपल ने iOS 27, iPadOS 27, macOS 27 गोल्डन गेट और watchOS 27 का पहला पब्लिक बीटा जारी कर दिया है। अब योग्य डिवाइस वाले यूजर्स इन नए सॉफ्टवेयर का शुरुआती वर्जन डाउनलोड करके इस्तेमाल कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि नए अपडेट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बेहतर परफॉर्मेंस और कई नए फीचर दिए गए हैं। हालांकि, यह अभी बीटा वर्जन है, इसलिए इसमें कुछ तकनीकी दिक्कतें और छोटे-मोटे बग भी देखने को मिल सकते हैं।
सिरी
सिरी AI पहले से ज्यादा स्मार्ट बना
नए अपडेट की सबसे बड़ी खासियत सिरी AI है।
अब सिरी पहले की तुलना में ज्यादा समझदार तरीके से सवालों के जवाब दे सकेगा और सामान्य बातचीत भी कर पाएगा। यह स्क्रीन पर दिख रहे कंटेंट को समझने, कई चरणों वाले काम पूरे करने और ऐप्स के अंदर भी मदद करेगा।
ऐपल इंटेलिजेंस वाले डिवाइस पर यूजर्स सिरी की आवाज को अपनी पसंद के अनुसार बदल सकेंगे। फिलहाल यह सुविधा केवल अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध कराई गई है।
फीचर्स
फोटोज, सफारी और पासवर्ड ऐप में बदलाव
ऐपल इंटेलिजेंस के तहत फोटोज ऐप में तस्वीरों को बेहतर बनाने के लिए नए एडिटिंग टूल दिए गए हैं।
इमेज प्ले ग्राउंड पहले से बेहतर तस्वीरें तैयार कर सकेगा, जबकि क्लीन अप फीचर अनचाही चीजों को आसानी से हटाएगा। सफारी अब टैब अपने आप व्यवस्थित करेगा और कीमत बदलने या किसी प्रोडक्ट के दोबारा उपलब्ध होने की जानकारी भी देगा।
पासवर्ड ऐप कमजोर पासवर्ड पहचानकर उन्हें मजबूत बनाने में भी मदद करेगा।
वॉच
ऐपल वॉच और मैक को मिले नए फीचर
ऐपल का दावा है कि नए अपडेट के बाद ऐप पहले से तेजी से खुलेंगे, फोटोज में नई तस्वीरें जल्दी दिखाई देंगी और एयरड्रॉप की रफ्तार भी बढ़ेगी।
watchOS 27 में नया ऐप ग्रिड, बेहतर वर्कऑउट बडी और सिरी AI का सपोर्ट मिलेगा। वहीं macOS 27 गोल्डन गेट में स्पॉटलाइट से सिरी AI का इस्तेमाल, नया डिजाइन और बेहतर प्रोडक्टिविटी फीचर जोड़े गए हैं।
iPadOS 27 में भी कई उपयोगी बदलाव शामिल किए गए हैं।
आईपैड
आईपैड को भी मिले कई उपयोगी बदलाव
iPadOS 27 में iOS 27 के लगभग सभी नए फीचर शामिल किए गए हैं।
ऐपल पेंसिल के साथ विजुअल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर स्क्रीन पर मौजूद किसी भी चीज के बारे में जानकारी हासिल की जा सकेगी। इसके अलावा, बाहरी SSD और हार्ड ड्राइव के साथ फाइल ट्रांसफर की स्पीड भी पहले से काफी तेज होने का दावा किया गया है।
कंपनी के अनुसार, इससे बड़े आकार की फाइलों को कॉपी करना और भी आसान होगा।
तरीका
कैसे करें नया बीटा अपडेट इंस्टॉल?
ऐपल ने कहा है कि बीटा सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने से पहले जरूरी डाटा का बैकअप जरूर लें। इसके बाद ऐपल बीटा सॉफ्टवेयर प्रोग्राम में शामिल होना होगा।
अब सेटिंग्स > जनरल > सॉफ्टवेयर अपडेट में जाकर बीटा अप्डेट्स विकल्प खोलें और अपने डिवाइस के लिए iOS 27 पब्लिक बीटा या संबंधित पब्लिक बीटा चुनकर डाउनलोड और इंस्टॉल करें।
बीटा वर्जन होने की वजह से इसमें कुछ बग और बैटरी से जुड़ी समस्याएं आ सकती हैं।