Loading...
ऐपल पे भारत में हुआ लॉन्च, कैसे करें इसका सेटअप और उपयोग?
ऐपल पे भारत में हुआ लॉन्च

ऐपल पे भारत में हुआ लॉन्च, कैसे करें इसका सेटअप और उपयोग?

Sep 30, 2026
09:34 am

क्या है खबर?

ऐपल ने भारत में अपनी भुगतान सेवा ऐपल पे को आज लॉन्च कर दिया है। शुरुआत में यह सुविधा केवल एक्सिस बैंक के मास्टरकार्ड और वीजा क्रेडिट कार्ड के जरिए उपलब्ध है। इस सुविधा की मदद से यूजर अब आसानी से अपने आईफोन, आईपैड और ऐपल वॉच का इस्तेमाल करके भुगतान कर सकेंगे। ऐपल पे के जरिए भुगतान करने के लिए अलग से कोई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी और पूरी प्रक्रिया काफी आसान रखी गई है।

खासियत

बिना पिन और OTP के होगा भुगतान

ऐपल पे की खासियत यह है कि भुगतान करते समय हर बार कार्ड का पिन या OTP डालने की जरूरत नहीं होगी।

दुकान पर भुगतान करने के लिए यूजर को आईफोन के साइड या होम बटन को दो बार दबाना होगा और फेस ID, टच ID या पासकोड से पहचान बतानी होगी।

इसके बाद फोन को संपर्क रहित मशीन के पास ले जाकर भुगतान किया जा सकेगा। ऐपल वॉच से भी इसी तरह आसानी से भुगतान किया जा सकेगा।

तरीका

कैसे जोड़ सकेंगे अपना कार्ड?

ऐपल पे इस्तेमाल करने के लिए आईफोन में वॉलेट ऐप खोलना होगा और उसमें दिए गए प्लस बटन पर जाकर अपना योग्य कार्ड जोड़ना होगा।

यूजर चाहें तो एक्सिस बैंक के ऐप से भी कार्ड को ऐपल पे में जोड़ सकते हैं। कार्ड जुड़ने के बाद सेवा शुरू की जा सकेगी। ऑनलाइन खरीदारी के दौरान भी ऐपल पे से भुगतान किया जा सकेगा।

इससे हर बार कार्ड नंबर और दूसरी जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ADVERTISEMENT

जगह

इन जगहों पर कर सकेंगे इस्तेमाल

शुरुआत में ऐपल पे से ऐपल स्टोर, ब्लिंकिट, चायोस, कॉमेट, क्रोमा, इंटरफ्लोरा, इक्सिगो, ले15 पैटिसरी, रिलायंस ब्रांड्स, टाटा 1MG और जोमैटो जैसे प्लेटफॉर्म और दुकानों पर भुगतान किया जा सकेगा।

कंपनी आने वाले समय में और दुकानों और ऐप्स को जोड़ सकती है।

ऐपल पे के लिए आईफोन XR या नए मॉडल में कम से कम iOS18 और ऐपल वॉच सीरीज 6 या नए मॉडल में वॉचOS 11 जरूरी है।

ADVERTISEMENT