LOADING...
भारत में ऐपल पे के लॉन्च में क्यों हो रही देरी?
भारत में ऐपल पे के लॉन्च में देरी

भारत में ऐपल पे के लॉन्च में क्यों हो रही देरी?

May 18, 2026
03:03 pm

क्या है खबर?

ऐपल की मोबाइल पेमेंट सर्विस ऐपल पे का भारत में लॉन्च फिलहाल टल गया है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी और बैंकों के बीच पेमेंट कमीशन को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। बताया जा रहा है कि तकनीकी तैयारी पूरी हैं, लेकिन बातचीत अटकी हुई है। ऐपल भारत में अपनी प्रीमियम पेमेंट सर्विस लॉन्च करना चाहती है। हालांकि, HDFC बैंक, ICICI बैंक और दूसरे बड़े बैंक कमीशन शेयर को लेकर अभी कंपनी की शर्तों से सहमत नहीं हैं।

कमीशन

कमीशन को लेकर चल रही है खींचतान

रिपोर्ट के मुताबिक, ऐपल हर ट्रांजैक्शन पर 20 बेसिस पॉइंट कमीशन चाहती है, जबकि बड़े बैंक केवल 15 बेसिस पॉइंट देने को तैयार हैं। इसी वजह से बातचीत में देरी हो रही है। कंपनी HDFC बैंक, SBI कार्ड, एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे बड़े कार्ड जारी करने वाले बैंकों के साथ बातचीत कर रही है। कुछ छोटे बैंक ऐपल की शर्तों पर राजी बताए जा रहे हैं, लेकिन बड़े बैंक अभी भी सतर्क बने हुए हैं।

नियम

RBI के नियम भी बने बड़ी चुनौती

ऐपल पे की एंट्री में RBI के डाटा लोकलाइजेशन नियम भी बड़ी चुनौती रहे हैं। भारत में पेमेंट कंपनियों को तय नियमों के तहत डाटा स्टोर और सुरक्षा से जुड़े नियम मानने होते हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि ऐपल अब टोकनाइज्ड पेमेंट डाटा का इस्तेमाल करेगा और कार्ड नेटवर्क कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। हालांकि, कंपनी फिलहाल भारत में अलग लोकल डाटा सेंटर बनाने की योजना नहीं बना रही है, जिससे प्रक्रिया धीमी हो गई है।

Advertisement

अनुभव

फेस ID से आसान होगा पेमेंट अनुभव

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ऐपल पे भारत में लॉन्च होता है, तो फेस ID आधारित पेमेंट अनुभव यूजर्स के लिए काफी आसान हो सकता है। पहले भारत में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और OTP सिस्टम ऐपल को जटिल लग रहा था। अब RBI की नई गाइडलाइन के बाद बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन का रास्ता खुला है। इसके बावजूद कंपनी फिलहाल UPI के साथ लॉन्च करने के मूड में नहीं दिख रही है।

Advertisement