ऐपल ने लॉन्च की वॉच सीरीज 12 और अल्ट्रा 4, जानिए इनमें क्या कुछ नया मिलेगा
क्या है खबर?
ऐपल के वार्षिक इवेंट में बुधवार (9 सितंबर) को ऐपल वॉच सीरीज 12 और अल्ट्रा 4 लॉन्च की गई। नई वॉच सीरीज में एडवांस हेल्थ फीचर और एडवांस सेंसिंग दिया गया है। इसमें ECG रीडिंग के दौरान स्किन के साथ बेहतर कॉन्टैक्ट के लिए इलेक्ट्रोड की सतह का एरिया बढ़ाया गया है। फोटो डायोड को भी फिर से डिजाइन किया गया है और हार्ट रेट रीडिंग के लिए ग्रीन LED बड़े और ज्यादा कुशल हैं।
रेडीनेस
वॉच में मिला रेडीनेस नया फीचर
नई ऐपल वॉच सीरीज 12 और अल्ट्रा 4 में अब दिनभर हर 5 सेकेंड में बैकग्राउंड हार्ट रेट रीडिंग ली जाएगी। यह पहले से 60 गुना अधिक बार ली जाती है।
इसके साथ ही HRV को बैकग्राउंड में लगभग हर 5 मिनट में 24 गुना अधिक बार मापा जाएगा।
वॉच में रेडीनेस नामक नया फीचर दिया गया है। फिटबिट, गार्मिन, गूगल और सैमसंग जैसी कंपनियां पहले से ही अपने वियरेबल डिवाइसेज में रेडीनेस स्कोर की सुविधा देती हैं।
लाइव रिवाइंड
लाइव रिवाइंड से सुन सकते हैं पुरानी आवाज
नई वॉच सीरीज में 'लाइव रिवाइंड' फीचर दिया है, जो आपको 15 सेकेंड पीछे जाकर यह सुनने की सुविधा देता है कि किसी ने क्या कहा था?
इसके साथ ही 'सिरी रीकैप' नाम का एक नया फीचर पेश किया। यह बातचीत का सारांश बनाता है।
इसमें S11 चिप के साथ एक 'ऑलवेज-ऑन' प्रोसेसर है, जिसमें एक नया 'सिक्योर एनक्लेव' है, जिसके लिए ऑडियो स्टोर करने की खास जगह दी गई है। इसमें नया GPU और CPU भी दिया है।