ऐपल बदलने वाली है आईफोन गेमिंग का अंदाज, नए कंट्रोलर पर कर रही काम
क्या है खबर?
टेक कंपनी ऐपल दो नए गेम कंट्रोलर पर काम कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इन्हें खासतौर पर आईफोन पर गेम खेलने वाले यूजर्स के लिए तैयार किया जा सकता है। कंपनी इन कंट्रोलर्स को अपने नाम से लॉन्च करने के बजाय बीट्स ब्रांड के तहत पेश कर सकती है। नए डिवाइस से जुड़ी जानकारी ऐपल के सॉफ्टवेयर कोड में मिली है। हालांकि, कंपनी ने अभी इनके लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
फीचर्स
कंट्रोलर्स में मिल सकते हैं ये फीचर्स
रिपोर्ट के अनुसार, नए गेम कंट्रोलर्स के मॉडल नंबर T6502 और T1057 हो सकते हैं।
इनमें गेम खेलने के लिए डी-पैड और थंबस्टिक दिए जाने की संभावना है। इसके अलावा हैप्टिक मोटर भी मिल सकती है। कंट्रोलर्स में एक्सेलेरोमीटर और जायरोस्कोप जैसे सेंसर दिए जा सकते हैं।
इनकी मदद से गेम खेलते समय डिवाइस को हिलाकर मोशन कंट्रोल वाले फीचर्स इस्तेमाल किए जा सकेंगे। इससे गेमिंग का अनुभव पहले से ज्यादा बेहतर और आसान हो सकता है।
विकल्प
आईफोन गेमिंग को मिलेगा नया विकल्प
ऐपल इन कंट्रोलर्स के जरिए आईफोन पर गेम खेलने का अनुभव बेहतर करना चाहता है।
हालांकि, अभी इनके डिजाइन, कनेक्शन और इस्तेमाल से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी के ऑनलाइन स्टोर पर फिलहाल बैकबोन वन और स्टील सीरीज निमबस+ जैसे थर्ड-पार्टी कंट्रोलर बिकते हैं।
ऐसे में नए कंट्रोलर आने के बाद ऐपल इस बाजार में दूसरे ब्रांड्स को सीधी टक्कर दे सकता है। इससे आईफोन यूजर्स को गेमिंग के लिए ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
डिवाइस
क्या होगा डिवाइस का नाम?
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन के मुताबिक, नए गेम कंट्रोलर्स पर ऐपल की जगह बीट्स का लोगो लगाया जा सकता है।
इससे कंपनी इन्हें अपने महंगे प्रोडक्ट्स से अलग और कम कीमत वाले विकल्प के रूप में पेश कर सकती है। बीट्स ब्रांड के जरिए ऐपल युवा गेमर्स को आकर्षित करने की कोशिश कर सकता है।
फिलहाल कीमत, डिजाइन और लॉन्च डेट की कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।