ऐपल की कारप्ले में दूसरी कंपनियों के AI चैटबॉट को जोड़ने की योजना, जानिए फायदे
क्या है खबर?
ऐपल अपने कारप्ले वाहन इंटरफेस में एक बड़ा अपडेट लाने की तैयारी कर रही है, जिससे चालक ChatGPT, क्लाउड और जेमिनी जैसे थर्ड-पार्टी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वॉयस असिस्टेंट का इस्तेमाल कर सकेंगे। इस कदम से पहली बार ऐपल कारप्ले में बाहरी वॉयस कंट्रोल की अनुमति देगा, जिससे सिरी की लंबे समय से चली आ रही विशिष्टता खत्म हो जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, इसके अलावा कंपनी कारप्ले में ऐप्स को सपोर्ट देने पर भी काम कर रही है।
सिरी
डिफॉल्ट रूप में मौजूद रहेगा सिरी
अब तक कारप्ले में ऐपल सिरी ही एकमात्र वॉयस असिस्टेंट था, जो म्यूजिक प्लेबैक, मैसेजिंग और नेविगेशन का काम संभालता था। आने वाले बदलाव के साथ चालक कारप्ले के जरिए सीधे दूसरी कंपनियों के AI चैटबॉट से सवाल पूछ सकेंगे। ब्लूमवर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, सिरी डिफॉल्ट असिस्टेंट बनी रहेगी, लेकिन इसके बटन और वेक वर्ड में कोई बदलाव नहीं होगा। AI ऐप्स का उपयोग करने के लिए चालकों को कारप्ले के भीतर ऐप खोलना होगा।
ऐप्स सपोर्ट
ऐप्स का मिलेगा सपोर्ट
रिपोर्ट के अनुसार, आईफोन निर्माता आने वाले महीने के भीतर कारप्ले में ऐप्स को सपोर्ट करने के लिए काम कर रही है। इससे डेवलपर्स को अपने ऐप्स को इस तरह से डिजाइन करने की अनुमति मिलेगी कि खोलने पर वे ऑटोमैटिक रूप से वॉयस मोड लॉन्च कर दें। इसके अलावा ऐपल सिरी को 'वर्ल्ड नॉलेज आंसर्स' नामक फीचर से बेहतर बनाने पर भी काम कर रहा है, जो ChatGPT की तरह वेब सर्च और सारांश बनाने की क्षमता प्रदान करेगा।