Loading...
ऐपल आईफोन 18 प्रो सीरीज AI फीचर्स और A20 प्रो चिपसेट के साथ लॉन्च
ऐपल ने लॉन्च की आईफोन 18 प्रो सीरीज

ऐपल आईफोन 18 प्रो सीरीज AI फीचर्स और A20 प्रो चिपसेट के साथ लॉन्च

Sep 09, 2026
10:47 pm

क्या है खबर?

ऐपल ने आज (9 सितंबर) आईफोन 18 प्रो सीरीज को लॉन्च कर दिया है। इस बार ऐपल आईफोन 18 सीरीज के बेस मॉडल को प्रो सीरीज के साथ लॉन्च नहीं किया है। कंपनी ने आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स को नए फीचर्स और बेहतर हार्डवेयर के साथ पेश किया है। दोनों फोन में परफॉर्मेंस, कैमरा और बैटरी पर खास ध्यान दिया गया है। इन दोनों फोन की बिक्री 18 सितंबर से शुरू होगी।

AI फीचर्स

AI फीचर्स में बड़ा बदलाव

आईफोन 18 प्रो में ज्यादा ताकतवर AI फीचर्स हैं।

ऐपल इंटेलिजेंस अब सफारी में वेबपेज की जानकारी समझ सकता है और शॉर्टकट में यूजर के लिए ऑटोमेशन तैयार कर सकता है। नया सिरी यूजर की स्क्रीन पर दिख रही चीजों को समझकर ऐप्स में खुद काम कर सकता है।

यह थर्ड-पार्टी सेवाओं के साथ भी काम करेगा। ऐपल के अनुसार, सिरी अब 3 लाख से ज्यादा ऐप्स के साथ काम कर सकता है और रोज 2.5 अरब रिक्वेस्ट संभालता है।

चिप

A20 प्रो चिप से बढ़ी स्पीड

आईफोन 18 प्रो में नई A20 प्रो चिप दी गई है, जिसे 2nm तकनीक पर तैयार किया गया है।

इसमें छह-कोर CPU है, जिसमें दो सुपर कोर 20 प्रतिशत तक तेज हैं। सात-कोर GPU ग्राफिक्स परफॉर्मेंस को 40 प्रतिशत तक बढ़ाता है। चिप में 32-कोर न्यूरल इंजन भी दिया गया है, जिससे फोन पर AI का काम तेजी से होता है।

इसकी मेमोरी बैंडविड्थ भी 50 प्रतिशत बढ़ाई गई है। इससे गेमिंग और दूसरे भारी काम आसानी से हो सकेंगे।

ADVERTISEMENT

डिस्प्ले

बड़ा डिस्प्ले और छोटा डायनेमिक आइलैंड

आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स में iOS 27 दिया गया है।

आईफोन 18 प्रो में 6.3 इंच और प्रो मैक्स में 6.9 इंच का डिस्प्ले मिलता है। दोनों फोन में ऐपल का नया C2 मॉडेम दिया गया है, जो कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए कंपनी का इन-हाउस मॉडेम है।

दोनों मॉडल में अपडेटेड डायनामिक आइलैंड भी है, जो एक साथ तीन लाइव एक्टिविटी दिखा सकता है। बेहतर हीट मैनेजमेंट के लिए वेपर चैंबर भी मिलता है।

ADVERTISEMENT

कैमरा

कैमरे में मिला बड़ा अपग्रेड

आईफोन 18 प्रो में 48MP का फ्यूजन मुख्य कैमरा, 48MP का अल्ट्रावाइड और 48MP का 2x टेलीफोटो है।

इसमें वेरिएबल अपर्चर का फीचर मिलता है, जिससे कैमरा लेंस में आने वाली रोशनी को जरूरत के हिसाब से बदल सकता है। इससे फोटो में रोशनी और बैकग्राउंड ब्लर पर बेहतर कंट्रोल मिलेगा।

फोन में प्रो कंट्रोल्स भी दिए गए हैं, जिनसे यूजर कैमरे की मैनुअल सेटिंग्स बदल सकेगा। AI स्मार्ट फोकस ट्रैकिंग वीडियो बनाते समय सब्जेक्ट को लगातार फोकस में रखेगी।

बैटरी

बैटरी लाइफ में बड़ा सुधार

आईफोन 18 प्रो की बैटरी लाइफ में भी बड़ा सुधार किया गया है।

ऐपल के मुताबिक, छोटा आईफोन 18 प्रो आईफोन 17 प्रो मैक्स के बराबर बैटरी बैकअप देता है। ई-सिम मॉडल में आईफोन 18 प्रो 36 घंटे और प्रो मैक्स 45 घंटे तक वीडियो चला सकता है।

प्रो मैक्स किसी भी आईफोन में सबसे ज्यादा बैटरी लाइफ देता है। दोनों मॉडल में चार्जिंग भी तेज है और करीब 15 मिनट में फोन 50 प्रतिशत तक चार्ज हो जाता है।

कीमत

कितनी है कीमत?

आईफोन 18 प्रो की शुरुआती कीमत 1,199 डॉलर (लगभग 1.15 लाख रुपये) रखी गई है। यह कीमत 256GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल की है।

वहीं, आईफोन 18 प्रो मैक्स की शुरुआती कीमत 1,299 डॉलर (लगभग 1.25 लाख रुपये) है और इसमें भी 256GB स्टोरेज मिलता है। दोनों फोन की बिक्री 18 सितंबर से शुरू होगी।

भारत में इनकी कीमत अमेरिकी कीमत से अलग हो सकती है, क्योंकि टैक्स और अन्य शुल्क भी जुड़ते हैं।

ADVERTISEMENT