ऐपल ने कुछ यूजर्स से आईफोन 18 प्रो मैक्स बदलने को कहा, जानिए क्या है वजह
क्या है खबर?
ऐपल ने AT&T नेटवर्क का इस्तेमाल करने वाले कुछ ग्राहकों से हाल ही में खरीदे गए आईफोन 18 प्रो मैक्स को बदलने के लिए कहा है। यह अनुरोध एक बग की वजह से किया है, जिससे यूजर्स की सेल्युलर सर्विस बंद हो गई। प्रभावित डिवाइस से न तो कॉल हो पा रही थी, न ही मोबाइल डाटा का इस्तेमाल या टेक्स्ट मैसेज भेजा जा पा रहा था। इस समस्या के कारण वाई-फाई कनेक्शन के बिना डिवाइस लगभग बेकार हो गए।
अपडेट
कंपनी ने जारी किया अपडेट
ऐपल के प्रवक्ता ने ब्लूमबर्ग न्यूज को बताया, "हमने AT&T नेटवर्क पर आईफोन 18 प्रो मैक्स के कुछ यूजर्स को प्रभावित करने वाली एक समस्या की पहचान की है, जिसके कारण डिवाइस की सर्विस जा सकती है और कॉल नहीं हो पाएगी।"
कंपनी ने इस गड़बड़ी से और लोगों को प्रभावित होने से बचाने के लिए पहले ही अपने कैरियर सेटिंग्स के लिए एक अपडेट जारी कर दिया है और iOS ऑपरेटिंग सिस्टम को वर्जन 27.0.1 पर अपडेट कर दिया।
तरीका
मैनुअल ऐसे करें अपडेट को इंस्टॉल
AT&T यूजर्स के लिए अगले 14 दिनों में कैरियर-सेटिंग्स अपडेट अपने आप डाउनलोड हो जाएगा।हालांकि, ऐपल ने कहा है कि वे उपलब्ध सॉफ्टवेयर अपडेट को जल्द से जल्द इंस्टॉल कर लें।
इसे मैनुअल इंस्टाॅल करने के लिए यूजर्स आईफोन की सेटिंग्स में 'जनरल' टैब पर जाकर 'अबाउट' पर क्लिक कर सकते हैं।
जो लोग पहले से ही इस समस्या से प्रभावित हैं, उनके लिए एकमात्र विकल्प अपने फाेन को ऐपल या AT&T से नए फोन से बदलना है।