ऐपल और गूगल ऐप स्टोर्स में आपत्तिजनक ऐप्स की भरमार, नीतियों पर उठे सवाल
क्या है खबर?
ऐपल और गूगल के ऐप स्टोर्स पर बड़ी संख्या में नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐप्स उपलब्ध हैं। टेक ट्रांसपेरेंसी प्रोजेक्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इन ऐप स्टोर्स पर ऐसे ऐप्स मिल रहे हैं जो लोगों की बिना अनुमति के उनकी तस्वीरों को बदलकर आपत्तिजनक बना सकते हैं। ऐपल और गूगल के प्लेटफॉर्म पर मौजूद इन ऐप्स ने यूजर्स की प्राइवेसी और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर नई चिंता बढ़ा दी है।
ऐप्स
सर्च करने पर आसानी से मिल जाते हैं ऐसे ऐप्स
रिपोर्ट के अनुसार, ऐप स्टोर में कुछ खास शब्द सर्च करने पर ऐसे कई ऐप्स सामने आ जाते हैं। जांच में ऐपल स्टोर पर 18 और गूगल प्ले पर 20 ऐसे ऐप्स पाए गए। कुछ ऐप्स सीधे इसी काम के लिए बनाए गए थे, जबकि कुछ सामान्य फोटो एडिटिंग ऐप्स के रूप में दिखते हैं लेकिन उनका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। कई ऐप्स में सब्सक्रिप्शन सुविधा भी दी गई थी, जिससे इनका इस्तेमाल और आसान हो जाता है।
समस्या
कंपनियों ने हटाए ऐप्स
रिपोर्ट सामने आने के बाद कंपनियों ने कुछ ऐप्स हटा दिए और कई डेवलपर्स को नियम बदलने को कहा है। हालांकि, कुछ समय बाद फिर से ऐसे ही ऐप्स दिखाई देने लगे। टेक ट्रांसपेरेंसी प्रोजेक्ट का कहना है कि यह समस्या बार-बार सामने आ रही है। उनका आरोप है कि ऐप्स की सही तरीके से जांच नहीं हो रही और कई बार सिस्टम खुद ही यूजर्स को ऐसे ऐप्स की ओर भेज देता है।
मांग
नियम कड़े करने की बढ़ती मांग
इस मुद्दे पर दुनियाभर में चिंता बढ़ रही है और सरकारें सख्त नियम बनाने की बात कर रही हैं। ऐसे ऐप्स लोगों की प्राइवेसी को नुकसान पहुंचा सकते हैं, खासकर महिलाओं के लिए यह बड़ा खतरा है। कंपनियों का कहना है कि वे नियमों का पालन करती हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि निगरानी और सख्ती बढ़ाने की जरूरत है, ताकि ऐसे ऐप्स को पूरी तरह रोका जा सके और यूजर्स सुरक्षित रह सकें।