LOADING...
AI टूल क्लाउड के लिए एंथ्रोपिक ने शुरू किया ID वेरिफिकेशन नियम
एंथ्रोपिक ने शुरू किया ID वेरिफिकेशन नियम

AI टूल क्लाउड के लिए एंथ्रोपिक ने शुरू किया ID वेरिफिकेशन नियम

Apr 16, 2026
11:32 am

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने AI टूल क्लाउड के लिए नया नियम लागू किया है। अब कुछ फीचर्स इस्तेमाल करने के लिए यूज़र्स को अपनी सरकारी पहचान यानी ID और सेल्फी के जरिए वेरिफिकेशन करना होगा। आमतौर पर बैंक या सिम के लिए KYC होता है, लेकिन AI इस्तेमाल के लिए ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है। कंपनी का कहना है कि यह कदम जिम्मेदारी, सुरक्षा और गलत उपयोग को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।

वजह

क्यों शुरू किया गया यह वेरिफिकेशन सिस्टम?

कंपनी का कहना है कि वह यह जानना चाहती है कि उसके AI टूल्स का इस्तेमाल कौन कर रहा है। इससे गलत इस्तेमाल को रोकने, नियम लागू करने और कानूनी जिम्मेदारियां निभाने में मदद मिलेगी। हालांकि, यह साफ नहीं किया गया है कि किन फीचर्स के लिए यह जरूरी होगा। बताया गया है कि हाल में यूजर्स की संख्या तेजी से बढ़ने के बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है और सिस्टम को और मजबूत बनाने की कोशिश की है।

प्रक्रिया

कैसे होगी पहचान सत्यापन प्रक्रिया?

इस प्रक्रिया में यूजर्स को पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या नेशनल ID जैसे दस्तावेज दिखाने होंगे और एक लाइव सेल्फी भी देनी होगी। कंपनी के अनुसार, यह काम करीब पांच मिनट में पूरा हो जाएगा। यह डाटा एक अलग सिक्योर कंपनी परसोना द्वारा प्रोसेस किया जाएगा। कंपनी ने यह भी कहा है कि यह जानकारी AI मॉडल ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल नहीं की जाएगी और पूरी तरह सुरक्षित तरीके से सीमित समय के लिए रखी जाएगी।

Advertisement

चिंता

यूजर्स में बढ़ी चिंता और सवाल

इस फैसले के बाद यूजर्स ने चिंता जताई है कि इससे AI इस्तेमाल की निगरानी बढ़ सकती है। कुछ लोगों का मानना है कि भविष्य में सभी AI टूल्स के लिए पहचान जरूरी हो सकती है। वहीं कुछ यूजर्स का कहना है कि इससे लोग दूसरे प्लेटफॉर्म की ओर जा सकते हैं। कुल मिलाकर यह कदम प्राइवेसी, डाटा सुरक्षा और डिजिटल आजादी को लेकर नई बहस खड़ी कर रहा है और इसके असर पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Advertisement