एंथ्रोपिक मिथोस AI मॉडल के जल्द लॉन्च की कर रही तैयारी
क्या है खबर?
एंथ्रोपिक का चर्चित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल मिथोस उम्मीद से पहले लॉन्च हो सकता है। यह अनुमान टेस्टिंग कैटलॉग की एक रिपोर्ट से लगाया गया है, जिसमें कंपनी के सोर्स कोड और क्लाउड सिक्योरिटी इंटरफेस में 'क्लाउड मिथोस 1 प्रीव्यू' के संदर्भ मिले हैं। इस घटनाक्रम से संकेत मिलता है कि AI स्टार्टअप क्लाउड कोड और क्लाउड सिक्योरिटी जैसे टूल्स के माध्यम से अपने एडवांस AI मॉडल को आम जनता के लिए उपलब्ध करा सकता है।
झलक
क्लाउड में मिली मिथोस की झलक
टेस्टिंग कैटलॉग रिपोर्ट में एक सुरक्षा खामी खोज कार्यक्रम के माध्यम से गूगल क्लाउड और अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) पर मिथोस मॉडल की उपस्थिति का भी उल्लेख किया गया है। कुछ यूजर्स को क्लाउड में 'मिथोस 1' मॉडल की झलक भी मिली। यह इस सिद्धांत को और मजबूत करता है कि एंथ्रोपिक अपनी एडवांस AI तकनीक के शीघ्र लॉन्च की तैयारी कर रहा है। इसके साथ-साथ के कंपनी एक नए क्लाउड सिक्योरिटी डैशबोर्ड पर भी काम कर रही है।
खासियत
अब तक ढूंढी हजारों खामियां
मिथोस एंथ्रोपिक का अब तक का सबसे शक्तिशाली मॉडल है, जो कमजोरियों को खोजने और उनका फायदा उठा सकता है। इसने ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और ओपन-सोर्स साॅफ्टवेयर प्रोजेक्ट्स में हजारों सुरक्षा खामियों का पता लगाया। दुरुपयोग की आशंकाओं के कारण इसे आम लोगों के लिए लॉन्च नहीं किया। हालांकि, कंपनी ने अब कहा है कि दुरुपयोग से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय विकसित करने के बाद वह मिथोस-क्लास मॉडल को सभी के लिए उपलब्ध कराने का इरादा रखती है।