एंथ्रोपिक एक पद के लिए दे रही 3.7 करोड़ रुपये तक वेतन, जानिए क्या मिलेगी जिम्मेदारी
क्या है खबर?
क्लाउड निर्माता एंथ्रोपिक एक तरफ लगातार रोजगार बाजार पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभावों के बारे में चेतावनी दे रही है, दूसरी तरफ खुद एक नए पद के लिए भर्ती कर रही है। नौकरी पाने वाले को 4 लाख डॉलर (करीब 3.7 करोड़ रुपये) तक के वेतन की पेशकश कर रही है। कंपनी ने सैन फ्रांसिस्को या न्यूयॉर्क में स्थित ब्रांड इवेंट्स लीड की भूमिका के लिए एक रिक्त पद भरने के लिए उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
जिम्मेदारी
क्या करना होगा काम?
बिजनेस इनसाइडर के अनुसार, चयनित उम्मीदवार को निजी, केवल आमंत्रित लोगों के लिए आयोजित समारोहों से लेकर बड़े पैमाने के सम्मेलनों तक विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। रिपोर्ट में बताया गया है कि नौकरी के विज्ञापन में लाइव उत्पाद प्रदर्शन, तकनीकी गहन विश्लेषण और अकादमिक दर्शकों और नीति निर्माताओं के साथ सीधे आमने-सामने की बातचीत पर विशेष जोर दिया गया है। उम्मीदवार को कोडिंग करने की जरूरत नहीं होगी, इसके बजाय काफी यात्रा करनी होगी।
आवश्यकता
आवेदक को क्या करना होगा?
इस पद के लिए आवेदन करने वालों को एक कवर लेटर जमा करना होगा। इसके अलावा, उम्मीदवारों को 200-400 शब्दों का एक निबंध लिखना होगा, जिसमें बताना होगा कि वे AI कंपनी में क्यों काम करना चाहते हैं। यह नया पद अपने विभाग में सबसे अधिक वेतन वाले पदों में से एक है। एंथ्रोपिक में इसी तरह के इवेंट केंद्रित पद के लिए 3.2 लाख डॉलर (करीब 2.9 करोड़ रुपये) तक का वेतन मिलता है।