एंथ्रोपिक क्लाउड ने फायरफॉक्स में 22 सुरक्षा खामियों का लगाया पता
क्या है खबर?
मोजिला के साथ हुई एक सुरक्षा साझेदारी में एंथ्रोपिक ने फायरफॉक्स में 22 अलग-अलग सुरक्षा खामियाें का पता लगाया है। इनमें से 14 को उच्च-गंभीरता की श्रेणी में रखा गया है। इनमें से अधिकांश बग को फरवरी में जारी किए वर्जन फॉयरफॉक्स 148 में ठीक कर दिए गए हैं। हालांकि, कुछ बगों को अगले वर्जन में ठीक करना होगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी ने पिछले महीने क्लाउड ओपस 4.6 का परीक्षण करते समय 500 से अधिक खामियों का पता लगाया।
परीक्षण
परीक्षण में सामने आईं 112 खामियां
एंथ्रोपिक की टीम ने 2 सप्ताह की अवधि में क्लाउड ओपस 4.6 का उपयोग किया, जिसकी शुरुआत जावास्क्रिप्ट इंजन से हुई और फिर कोडबेस के अन्य हिस्सों तक इसका विस्तार किया गया। AI कंपनी द्वारा प्रस्तुत कुल 112 रिपोर्ट्स में से मोजिला ने सुरक्षा-संवेदनशील बगों के लिए 22 CVE जारी किए, जिनमें से 14 को उच्च गंभीरता श्रेणी में रखा गया था। बाकी लगभग 90 रिपोर्टों में क्रैश और लॉजिक एरर जैसे गैर-सुरक्षा संबंधी मुद्दे शामिल थे।
खामियां
खामियों से हो सकता था नुकसान
क्लॉड ने फायरफॉक्स की मेमोरी स्टोरेज प्रणाली, एक्सेस बाउंड्री कंडीशंस, सुरक्षा उपायों और अन्य प्रोग्रामों में कई सुरक्षा संबंधी खामियां पाईं, जिनमें 14 गंभीर खामियां शामिल थीं। मोजिला के वरिष्ठ प्रधान इंजीनियर ब्रायन ग्रिनस्टेड ने एक्सियोस को बताया कि इससे दर्जनों गैर-सुरक्षा संबंधी खामियां भी सामने आईं, जिनमें वे समस्याएं भी शामिल थीं, जो यूजर अनुभव को प्रभावित करती थीं, लेकिन उनसे कोई सीधा सुरक्षा जोखिम नहीं था। हमलावर इन खामियों का उपयोग कर डाटा में गड़बड़ी कर सकते हैं।