Page Loader
14 अक्टूबर को दिखेगा सूर्य ग्रहण, जानिए कब और कैसे देख सकेंगे यह खगोलीय घटना
वलयाकार सूर्य ग्रहण को 'रिंग ऑफ फायर' ग्रहण के नाम से भी जाना जाता है (तस्वीर: अनस्प्लैश)

14 अक्टूबर को दिखेगा सूर्य ग्रहण, जानिए कब और कैसे देख सकेंगे यह खगोलीय घटना

Oct 08, 2023
05:33 pm

क्या है खबर?

खगोलीय घटनाओं में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह महीना काफी खास है। 14 अक्टूबर को आसमान में वलयाकार सूर्य ग्रहण नजर आएगा, जिसे 'रिंग ऑफ फायर' ग्रहण के नाम से भी जाना जाता है। इस लुभावनी खगोलीय घटना के दौरान चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच से गुजरेगा, जिससे हमें सूर्य का एक अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा। यह सूर्य ग्रहण 14 अक्टूबर को रात 08:34 से शुरू होगा और 02:25 तक समाप्त हो जाएगा।

सूर्य ग्रहण

कब होता है वलयाकार सूर्य ग्रहण?

नासा के अनुसार, वलयाकार सूर्य ग्रहण तब होता है, जब चंद्रमा सूर्य और पृथ्वी के बीच से गुजरता है, उस समय जब वह पृथ्वी से अपने सबसे दूर बिंदु पर या उसके निकट होता है। चंद्रमा पृथ्वी से अधिक दूर है, इसलिए यह सूर्य से छोटा दिखाई देता है और सूर्य को पूरी तरह से ढक नहीं पाता है। यही कारण है कि चंद्रमा एक बड़ी और चमकदार डिस्क के ऊपर एक अंधेरे डिस्क के रूप में दिखाई देता है।

तरीका

कैसे देख सकेंगे यह सूर्य ग्रहण?

14 अक्टूबर को लगने वाला सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा, इसलिए इस ग्रहण का सूतक काल नहीं माना जाएगा। हालांकि, वर्चुअल टेलीस्कोप की आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर आप इस खगोलीय घटना को लाइव देख सकेंगे। बता दें, अगर आपके पास ग्रहण चश्मा नहीं है तो सीधे सूर्य को कभी भी देखने का प्रयास न करें। किसी भी ऑप्टिकल उपकरण के माध्यम से सूर्य को देखना बेहद खतरनाक है, इससे आंखों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।