गूगल पिक्सल फोन के लिए एंड्रॉयड 17 बीटा जारी, जानिए कैसे करें इंस्टॉल
क्या है खबर?
गूगल ने पिक्सल 6 और नए डिवाइसों के लिए एंड्रॉयड 17 बीटा 1 जारी कर दिया है, जो प्लेटफॉर्म की गोपनीयता, सुरक्षा और प्रदर्शन को बेहतर बनाने के प्रयासों की निरंतरता को दर्शाता है। इस बार कोई डेवलपर प्रीव्यू नहीं है और महीनों की गुप्त टेस्टिंग के बाद सीधे बीटा वर्जन जारी किया गया है। अगर, आपके पास गूगल पिक्सल स्मार्टफोन है तो आप इसे अभी ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट के जरिए डाउनलोड कर सकते हैं।
बदलाव
इस अपडेट में किए हैं ये बदलाव
एंड्रॉयड 17 (API लेवल 37) को टारगेट करने वाले ऐप्स अब गेम्स को छोड़कर बड़ी स्क्रीन (600dp से अधिक) पर फुल-विड्थ में चल सकते हैं। इसमें स्मार्ट गार्बेज कलेक्शन है, जिससे CPU का उपयोग 10 फीसदी तक कम हो जाता है और नोटिफिकेशन्स के लिए मेमोरी कंट्रोल भी बेहतर हो गया है, जिससे फोन थोड़ा स्मूथ चलेगा। मोड बदलते समय कैमरा में पहले से कम गड़बड़ियां आती हैं और सभी ऐप्स में ऑडियो की आवाज ज्यादा एक जैसी रहती है।
डाउनलोड
इस तरह से कर सकते हैं इंस्टॉल
इस अपडेट के चलते पिक्सेल लॉन्चर ज्यादा आकर्षक दिखता है। सर्च बार पारदर्शी, G लोगो वॉलपेपर के रंग से मिलता-जुलता एक ठोस रंग या हल्का ग्रेडिएंट से भरा हुआ है। इसके अलावा AI मोड, वॉयस सर्च और गूगल लेंस के लिए शॉर्टकट दिए हैं। इसको इंस्टॉल करने के लिए google.com/android/beta पर जाएं और चुने हुए डिवाइस पर ऑप्ट इन करें। इसके बाद सेटिंग्स में जाकर सिस्टम पर टैप कर सॉफ्टवेयर अपडेट में जाकर सिस्टम अपडेट और फिर इंस्टॉल क्लिक करें।