माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के बीच क्लाउडफ्लेयर और क्लॉड AI की सेवाएं भी हुईं डाउन
क्या है खबर?
दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट के आउटेज की समस्या के बीच अब एंथ्रोपिक के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल क्लॉड में भी तकनीकी खराबी आ गई है। शुक्रवार (13 नवंबर) को क्लॉड AI, क्लॉड कोड और क्लॉड प्लेयर समेत सेवाओं तक पहुंचने में यूजर्स को परेशानी हुई। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइटडाउनडिटेक्टर के मुताबिक, दोपहर करीब 3:45 बजे तक शिकायतों की संख्या बढ़कर 2,895 हो गई थी। कंपनी ने लॉगिन से जुड़ी दिक्कतों की पुष्टि की है।
परेशानी
यूजर्स को लॉगिन और सेवाओं के इस्तेमाल में परेशानी
इस खराबी के कारण कई यूजर्स अपने क्लॉड अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पा रहे थे और AI चैटबॉट का इस्तेमाल भी प्रभावित हुआ है।
क्लॉड कोड के जरिए कोडिंग करने वाले यूजर्स को भी दिक्कतें आईं। कंपनी के मुताबिक, क्लॉड AI में बड़ी रुकावट दर्ज की गई, जबकि क्लॉड कोड और डेवलपर प्लेटफॉर्म पर भी कुछ सेवाएं प्रभावित हुईं।
क्लॉड कोवर्क की काम करने की क्षमता पर भी असर पड़ा। हालांकि, इस दौरान क्लॉड API चालू रहा।
माइक्रोसॉफ्ट 365
माइक्रोसॉफ्ट 365 कनेक्टर में भी बनी हुई है परेशानी
क्लॉड की नई समस्या के अलावा एंथ्रोपिक पहले से माइक्रोसॉफ्ट 365 कनेक्टर में आई रुकावट से भी जूझ रहा है।
इस खराबी के कारण ईमेल, कैलेंडर और सर्च से जुड़े ज्यादातर अनुरोध काम नहीं कर रहे हैं। इसका असर क्लॉड फॉर आउटलुक पर भी पड़ा है।
एंथ्रोपिक ने बताया कि वह इस समस्या को दूर करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ मिलकर काम कर रही है, लेकिन सेवा पूरी तरह बहाल होने की जानकारी नहीं दी गई है।
क्लॉडफ्लेयर
क्लॉडफ्लेयर की सेवा में भी सामने आई थी गड़बड़ी
एंथ्रोपिक ने कहा है कि वह क्लॉड में आई नई तकनीकी समस्या की जांच कर रही है और स्थिति में बदलाव होने पर जानकारी देगा।
इसी बीच इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी क्लॉडफ्लेयर ने भी उत्तरी अमेरिका में अपनी एक सेवा में गड़बड़ी की सूचना दी थी। कंपनी के स्टेटस पेज पर इस समस्या को हल होने की जानकारी दी गई है।
हालांकि, क्लॉडफ्लेयर की इस गड़बड़ी का माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है।