LOADING...
अमेजन जल्द शुरू करेगी सैटेलाइट इंटरनेट, 390 से ज्यादा सैटेलाइट अंतरिक्ष में पहुंचे
अमेजन जल्द शुरू करेगी सैटेलाइट इंटरनेट

अमेजन जल्द शुरू करेगी सैटेलाइट इंटरनेट, 390 से ज्यादा सैटेलाइट अंतरिक्ष में पहुंचे

Jul 03, 2026
12:46 pm

क्या है खबर?

अमेजन ने गुरुवार को 29 नए प्रोजेक्ट काइपर सैटेलाइट सफलतापूर्वक लॉन्च किए। इसके बाद कंपनी के ऑर्बिट में मौजूद सैटेलाइट की संख्या 390 से अधिक हो गई है। कंपनी का कहना है कि इसी साल के आखिर तक शुरुआती सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने की तैयारी है। सभी नए सैटेलाइट को उनकी तय कक्षा तक पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद नेटवर्क की जांच पूरी होगी और सेवा शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

लक्ष्य

3,200 से ज्यादा सैटेलाइट भेजने का लक्ष्य

अमेजन का लक्ष्य 3,200 से भी ज्यादा सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजकर दुनियाभर में इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराना है। अब तक अप्रैल, 2025 से लॉन्च किए गए 398 सैटेलाइट में से 394 सफलतापूर्वक कक्षा में काम कर रहे हैं। शुरुआत में सेवा उत्तरी और दक्षिणी ध्रुव के आसपास के इलाकों में शुरू होने की संभावना है। बाद में जैसे-जैसे नए सैटेलाइट जुड़ेंगे, इंटरनेट सेवा धीरे-धीरे दूसरे क्षेत्रों तक भी पहुंचाई जाएगी।

मुकाबला

स्टारलिंक से होगा सीधा मुकाबला

अमेजन का यह नेटवर्क सीधे एलन मस्क के स्पेस-X की स्टारलिंक सेवा को चुनौती देगा। वर्तमान में स्टारलिंक के करीब 10,000 सैटेलाइट अंतरिक्ष में मौजूद हैं। अमेजन भी लैपटॉप के आकार से लेकर बड़े टर्मिनल के जरिए ग्राहकों, सरकारी एजेंसियों और एयरलाइंस को सैटेलाइट इंटरनेट सेवा देने की तैयारी कर रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले समय में उसका नेटवर्क तेजी से मजबूत होगा और कवरेज लगातार बढ़ती जाएगी।

Advertisement

असर

रॉकेट की देरी से योजना पर असर

अमेजन ने अपने सैटेलाइट लॉन्च के लिए करीब 100 रॉकेट मिशन पहले ही बुक किए हैं। फिलहाल ULA का एटलस V रॉकेट सबसे ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है। वहीं ब्लू ओरिजन का न्यू ग्लेन और ULA का वल्कन रॉकेट तकनीकी कारणों से फिलहाल उड़ान नहीं भर रहे हैं। इनकी वापसी के बाद अमेजन बड़े स्तर पर सैटेलाइट लॉन्च कर अपने इंटरनेट नेटवर्क का विस्तार और तेज करने की योजना बना रहा है।

Advertisement