अमेजन करेगी सेटेलाइट कंपनी ग्लोबलस्टार का अधिग्रहण, जानिए क्या है इसके पीछे वजह
क्या है खबर?
अमेजन इंटरनेट और मोबाइल फोन सेवाएं प्रदान करने के लिए अपने सैटेलाइट कारोबार को मजबूत करने के लिए ग्लोबलस्टार का अधिग्रहण करने जा रही है, जिस पर 11.57 अरब डॉलर (करीब 1,075 अरब रुपये) खर्च करेगी। इस सौदे से कंपनी को अमेजन लियो प्रोजेक्ट के माध्यम से हजारों सैटेलाइट को पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही इसे एलन मस्क की सटेलाइट इंटरनेट प्रदाता कंपनी स्टारलिंक को टक्कर देने की रणनीति बताया जा रहा है।
लक्ष्य
क्या है अमेजन का लक्ष्य?
तकनीकी कंपनियां उपग्रह-आधारित कनेक्टिविटी के बाजार पर कब्जा करने के लिए अरबों डॉलर का निवेश कर रही हैं, लेकिन स्टारलिंक के 10,000 उपग्रहों के मजबूत नेटवर्क की बराबरी करना उनके लिए बड़ी चुनौती है। इस सौदे के माध्यम से अमेजन अपने मौजूदा 200 से अधिक उपग्रहों के नेटवर्क में ग्लोबलस्टार के 2 दर्जन उपग्रहों को शामिल कर रही है। उसका 2029 तक पृथ्वी की निचली कक्षा में लगभग 3,200 उपग्रह तैनात कर अपने नेटवर्क को मजबूत करने का लक्ष्य है।
फायदा
अधिग्रहण से कंपनी को होगा यह फायदा
ग्लोबलस्टार का उपग्रह नेटवर्क मोबाइल डिवाइस को सीधे विश्वसनीय, लो-डेटा कनेक्शन प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है, जिसे डायरेक्ट-टू-डिवाइस (D2D) कहा जाता है। यह तकनीक डिवाइसेज को जमीन पर स्थित सेलुलर टावर्स से कनेक्ट करने की आवश्यकता को समाप्त करती है। इससे ये आपातकालीन सेवाओं को संचालित करने और सीमित सेलुलर कवरेज वाले क्षेत्रों में कनेक्टिविटी प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस सौदे से अमेजन को 2028 से D2D सेवा शुरू करने में मदद मिलेगी।