LOADING...
अमेजन बना रही एक नया स्मार्टफोन, मिलेगा एलेक्सा का सपोर्ट
अमेजन एक नया स्मार्टफोन विकसित कर रही है

अमेजन बना रही एक नया स्मार्टफोन, मिलेगा एलेक्सा का सपोर्ट

Mar 21, 2026
09:43 am

क्या है खबर?

अमेजन स्मार्टफोन बाजार में फिर से कदम रखने की तैयारी कर रही है। कंपनी अपने पहले असफल प्रयास फायर फोन को बंद करने के 11 साल से अधिक समय बाद अब नया स्मार्टफोन विकसित कर रही है, जिसका कोडनेम 'ट्रांसफॉर्मर' है। रिपोर्ट के अनुसार, इस डिवाइस को डिवाइसेस एंड सर्विसेज डिवीजन द्वारा विकसित किया जा रहा है। इसमें व्यक्तिगत उपयोग की सुविधा होगी, जिससे शॉपिंग, प्राइम वीडियो और प्राइम म्यूजिक सहित अमेजन के ऐप्स का उपयोग करना आसान होगा।

सपोर्ट 

फोन में मिलेगी AI सुविधाएं  

यह स्मार्टफोन एलेक्सा को भी सपोर्ट करेगा, जो एक स्मार्ट होम असिस्टेंट है, जिसमें अमेजन भारी निवेश कर रहा है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षमताएं जोड़ी जा रही हैं और कंपनी के अधिकांश डिवाइसों के साथ काम करने के लिए इसका सपोर्ट बढ़ाया जा रहा है। रॉयटर्स के अनुसार, स्मार्टफोन में AI सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसे अमेजन ग्राहकों को अपने AI उत्पादों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के रूप में देख रहा है।

निर्माण 

कौन कर रहा स्मार्टफोन विकसित?

बताया जा रहा है कि इस स्मार्टफोन को डिवाइसेस डिवीजन की एक अपेक्षाकृत नई यूनिट जीरोवन द्वारा विकसित किया गया है। इसका नेतृत्व जे. एलार्ड कर रहे हैं, जो माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व कार्यकारी हैं और जिन्होंने एक्सबॉक्स के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यह खबर ऐसे समय में आई है, जब अमेजन AI पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रहा है। हाल ही में OpenAI में 50 अरब डॉलर (करीब 4,500 अरब रुपये) का निवेश किया है।

Advertisement