LOADING...
अमेजन ने लॉन्च किया वल्कन रोबोट, स्पर्श महसूस कर सामान की करेगा पहचान
अमेजन ने पेश किया स्पर्श महसूस करने वाला रोबोट (तस्वीर: अमेजन)

अमेजन ने लॉन्च किया वल्कन रोबोट, स्पर्श महसूस कर सामान की करेगा पहचान

May 07, 2025
02:28 pm

क्या है खबर?

अमेजन ने 'वल्कन' नाम का अपना नया रोबोट पेश किया है, जो वस्तुओं को स्पर्श करके महसूस कर सकता है। इसे जर्मनी के डॉर्टमुंड शहर में कंपनी के 'डिलीवरिंग द फ्यूचर' कार्यक्रम में पेश किया गया। कंपनी का कहना है कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) रोबोट उसके गोदामों में काम करने वाले अन्य रोबोटों की तुलना में कहीं अधिक उन्नत है। वल्कन अमेजन के लिए नई शुरुआत है, जो सामान छांटने और डिलीवरी की प्रक्रिया को तेज और आसान बनाएगा।

खासियत

क्या है इस रोबोट की खासियत?

वल्कन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सिर्फ देखने के बजाय वस्तुओं को छूकर उनकी बनावट और भार का अंदाजा भी लगा सकता है। यह जान सकता है कि किस चीज को कैसे उठाया जाए और क्या उसके लिए सुरक्षित है। यह नई तकनीक पहले के अमेजन रोबोट में नहीं थी। इससे यह रोबोट अब उन वस्तुओं को भी उठा सकता है, जिन्हें पहले रोबोट नहीं संभाल पाते थे, जिससे अमेजन का कामकाज और बेहतर हो सकेगा।

उपयोग

कहा और कैसे होगा इसका उपयोग? 

वल्कन को अमेजन के गोदामों में ऐसे कामों के लिए बनाया गया है, जहां पहले कर्मचारियों को सीढ़ियां चढ़नी पड़ती थीं या नीचे झुककर चीजें उठानी पड़ती थीं। यह रोबोट ऊंचे और नीचे दोनों स्तरों पर सामान रखने और निकालने में मदद करेगा। इसके साथ ही, यह अन्य रोबोटों और इंसानों के साथ मिलकर काम करेगा। इससे कर्मचारियों का काम आसान और सुरक्षित हो जाएगा और गोदाम में कामकाज की रफ्तार भी पहले से तेज हो जाएगी।

नौकरियां

क्या रोबोट से घटेंगी इंसानों की नौकरियां? 

रोबोट आने से अब यह चिंता बढ़ गई है कि क्या इससे इंसानों की नौकरियां जाएंगी। अमेजन पहले ही 7.5 लाख से ज्यादा रोबोट इस्तेमाल कर रही है। कुछ जानकारों का मानना है कि ऑटोमेशन के कारण करोड़ों नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं, लेकिन अमेजन का कहना है कि वल्कन जैसे रोबोट इंसानों की मदद करेंगे, न कि उनकी जगह लेंगे। ये रोबोट दोहराए जाने वाले थकाने वाले काम करेंगे और इंसानों की सुरक्षा और सुविधा को बढ़ाएंगे।