अलबामा के अटॉर्नी जनरल ने OpenAI को भेजा समन, हगिंग फेस हैक मामले की जांच शुरू
क्या है खबर?
अलबामा के अटॉर्नी जनरल ने OpenAI को हगिंग फेस हैक घटना में कंपनी की कथित निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा उपायों की पूरी कमी की जांच के तहत समन भेजा है। यह जांच उस घटना के कुछ सप्ताह बाद हो रही है, जब कंपनी ने माना था कि उसका लॉन्च नहीं हुआ एक साइबर सुरक्षा मॉडल अलग-थलग माहौल से बाहर निकलकर इंटरनेट से जुड़ गया था। इसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डेटासेट प्लेटफॉर्म हगिंग फेस को हैक कर लिया।
जांच
उपभोक्ता संरक्षण कानूनों की पालना की होगी जांच
अटॉर्नी जनरल स्टीव मार्शल की ओर से जारी समन की जानकारी देने वाली प्रेस रिलीज में कहा गया है कि राज्य यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या OpenAI की अपने उत्पादों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असमर्थता उपभोक्ता संरक्षण कानूनों का उल्लंघन करती है।
इस महीने की शुरुआत में मार्शल ने 14 अन्य राज्यों के अटॉर्नी जनरल के साथ मिलकर OpenAI को हगिंग फेस घटना से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के लिए पत्र लिखा था।
जवाब
कंपनी समीक्षा के बाद सार्वजनिक करेगी रिपोर्ट
OpenAI के प्रवक्ता नेट इवांस ने टेकक्रंच को बताया, "हगिंग फेस की घटना AI सुरक्षा के लिहाज से एक अहम मोड़ थी और हम बाहरी सलाहकारों के साथ मिलकर इसकी पूरी समीक्षा कर रहे हैं। समीक्षा पूरी होने के बाद, हम संबंधित सरकारी अधिकारियों के साथ एक तकनीकी रिपोर्ट साझा करेंगे।"
बता दें कि हगिंग फेस और एंथ्रोपिक मॉडल्स के बेकाबू होने की घटनाओं के बाद AI क्षमताओं को जिम्मेदारी से विकसित करने की मांग उठ रही है।