एंथ्रोपिक के सिस्टम तक पहुंचा AI स्टार्टअप, वेतन और नौकरी की जानकारी हुई उजागर
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों के लिए साइबर सुरक्षा बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इसी बीच AI मॉडल क्लॉड बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक के आंतरिक सिस्टम में सुरक्षा से जुड़ी एक बड़ी चूक सामने आई है। अमेरिकी साइबर सुरक्षा स्टार्टअप कैथेड्रल ने कंपनी के सिस्टम में मौजूद कमजोरियों का पता लगाया। यह मामला एंथ्रोपिक के उस कार्यक्रम के दौरान सामने आया, जिसमें बाहरी विशेषज्ञों को सुरक्षा खामियां खोजने की अनुमति दी जाती है।
पहुंच
12 घंटे में कर्मचारियों की जानकारी तक पहुंच
द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, कैथेड्रल ने 12 घंटे से भी कम समय में एंथ्रोपिक के कुछ आंतरिक सिस्टम तक पहुंच बना ली।
इस दौरान शोधकर्ताओं को कर्मचारियों की जानकारी, वेतन का ब्योरा, नौकरी के प्रस्ताव और आंतरिक मैसेज देखने का रास्ता मिला। इसमें मीटिंग के रिकॉर्ड और स्लैक मैसेज भी शामिल थे।
शोधकर्ताओं ने एंथ्रोपिक के बिक्री, मानव संसाधन और IT से जुड़े कुछ सॉफ्टवेयर में मौजूद कमजोरियों का फायदा उठाकर यह जानकारी हासिल की।
बयान
एंथ्रोपिक ने क्या कहा?
एंथ्रोपिक ने पुष्टि की कि शोधकर्ताओं ने उसके कुछ आंतरिक सिस्टम तक पहुंच बनाई थी।
हालांकि, कंपनी ने कहा कि ग्राहक और क्लॉड के बीच बातचीत, AI के जवाब, सोर्स कोड और मॉडल की आंतरिक जानकारी तक पहुंच नहीं बनाई गई। कंपनी ने शोधकर्ताओं की गतिविधियों पर नजर रखी और उसी दिन उनका एक्सेस बंद कर दिया।
प्रभावित सॉफ्टवेयर को भी अस्थायी रूप से बंद किया गया। सुरक्षा खामियां दूर होने की पुष्टि के बाद इसे दोबारा शुरू किया गया।
सुरक्षा
AI एजेंट की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने AI एजेंट के इस्तेमाल और कंपनियों के बाहरी सॉफ्टवेयर की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं।
एंथ्रोपिक ने कहा कि कैथेड्रल ने सुरक्षा परीक्षण कार्यक्रम के नियमों का पूरी तरह पालन नहीं किया और घटना के खतरे को बढ़ा-चढ़ाकर बताया। कंपनी ने मामले की जानकारी संघीय अधिकारियों को भी दी।
इससे पहले क्लॉड द्वारा कुछ सरकारी वेबसाइटों से बिना उचित अनुमति सीमित जानकारी हासिल करने के मामले भी सामने आए थे।