AI समिट में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने की भारत के UPI की सराहना
क्या है खबर?
इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत के डिजिटल पेमेंट सिस्टम यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारत ने 1.4 अरब लोगों के लिए मजबूत और भरोसेमंद डिजिटल पहचान ढांचा तैयार किया है, जो दुनिया के लिए एक मिसाल बन चुका है। मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह समिट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल भविष्य को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच है।
उदाहरण
मैक्रों ने मुंबई के छोटे दुकानदार का दिया उदाहरण
अपने संबोधन में मैक्रों ने एक व्यक्तिगत अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले मुंबई का एक रेहड़ी वाला बैंक खाता नहीं खोल पाता था, क्योंकि उसके पास जरूरी कागजात नहीं थे। आज वही व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए तुरंत और मुफ्त UPI पेमेंट ले रहा है। मैक्रों ने कहा कि यह बदलाव तकनीक की ताकत को दिखाता है। उनके मुताबिक, डिजिटल सिस्टम ने आम लोगों की जिंदगी को आसान, तेज और ज्यादा सुरक्षित बनाया है।
UPI सिस्टम
फ्रांस में भी लागू हुआ भारत का UPI सिस्टम
मैक्रों ने याद किया कि 2024 में भारत यात्रा के दौरान उन्होंने खुद UPI से भुगतान होते देखा था। जयपुर में प्रधानमंत्री मोदी ने उनके सामने मोबाइल से भुगतान किया था, जिससे वे काफी प्रभावित हुए थे। इसके बाद फ्रांस ने भी UPI को अपनाया। फरवरी, 2024 में यह सेवा वहां शुरू हुई और फ्रांस ऐसा करने वाला पहला यूरोपीय देश बना। अब फ्रांस में भारतीय पर्यटक और छात्र अपने UPI ऐप से आसानी से डिजिटल भुगतान कर सकते हैं।
अन्य
भारत का डिजिटल मॉडल बन रहा वैश्विक प्रेरणा स्रोत
मैक्रों की सराहना से साफ है कि भारत का डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर दुनिया में मजबूत पहचान बना रहा है। UPI एक ही मोबाइल ऐप से कई बैंक खातों को जोड़ने और तुरंत लेनदेन की सुविधा देता है। इससे छोटे व्यापारियों, स्टूडेंट्स और आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिली है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत का यह मॉडल समावेशी विकास का उदाहरण है और आने वाले समय में कई देश इसे अपनाने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
VIDEO | AI Impact Summit: French President Emmanuel Macron (@EmmanuelMacron) says, “India has built a payment system processing 20 billion transactions monthly and issued 500 million digital health IDs under India Stack. The summit reflects the rapid acceleration of AI, which… pic.twitter.com/2vhPBJuVzh
— Press Trust of India (@PTI_News) February 19, 2026