LOADING...
AI के कारण 12-18 महीनों में लाखों लोग खो देंगे नौकरी, इस अमेरिकी उद्यमी की चेतावनी
AI की रफ्तार उम्मीद से कहीं ज्यादा तेज है

AI के कारण 12-18 महीनों में लाखों लोग खो देंगे नौकरी, इस अमेरिकी उद्यमी की चेतावनी

Feb 19, 2026
12:22 pm

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के कारण भविष्य में नौकरियों पर खतरे की आशंका लगातार जताई जा रही है। इस बीच उद्यमी और पूर्व डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार एंड्रयू यांग ने नई चेतावनी दी है। बिजनेस इंसाइडर की रिपोर्ट के अनुसार, यांग का कहना है कि अगले 12 से 18 महीनों में अमेरिका में लाखों व्हाइट-कॉलर कर्मचारी अपनी नौकरी खो सकते हैं। उन्होंने कहा कि AI की रफ्तार उम्मीद से कहीं ज्यादा तेज है।

काम

कुछ मिनटों में पूरा हो रहा काम

यांग ने एक उदाहरण देते हुए बताया कि उनके परिवार के एक सदस्य ने वेबसाइट के लिए AI प्रोग्राम बनाया, जिसने कुछ ही मिनटों में वह काम कर दिया जो पहले डिजाइनर या कंपनी कई दिनों में करती थी। उनके मुताबिक ऐसी तेजी कंपनियों के लिए फायदेमंद है, लेकिन इससे कर्मचारियों की जरूरत कम हो सकती है। खासकर मिड-कैरियर ऑफिस कर्मचारी, कॉल सेंटर स्टाफ, मार्केटिंग और कोडिंग से जुड़े लोग ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं।

खतरा

लाखों नौकरियों पर खतरा

यांग का अनुमान है कि अमेरिका के करीब 7 करोड़ व्हाइट-कॉलर कर्मचारियों में से 20 से 50 प्रतिशत तक लोग आने वाले वर्षों में नौकरी खो सकते हैं। उनका कहना है कि डाटा एनालिसिस, रिपोर्ट लिखना, कोडिंग और कस्टमर सर्विस जैसे कई काम AI टूल आसानी से कर सकते हैं। इससे कंपनियां कर्मचारियों की संख्या घटा सकती हैं, जिससे उपभोक्ता खर्च, हाउसिंग बाजार और टैक्स आय पर भी असर पड़ सकता है।

Advertisement

सुझाव

समाधान के लिए सुझाव

AI के खतरे से चेतावनी देते हुए यांग ने संभावित संकट से निपटने के लिए कुछ सुझाव भी दिए हैं। उन्होंने यूनिवर्सल बेसिक इनकम, बड़े स्तर पर री-ट्रेनिंग प्रोग्राम और AI कंपनियों पर टैक्स लगाने जैसे कदमों की वकालत की है। उनका मानना है कि सरकार और कंपनियों को मिलकर तैयारी करनी होगी, ताकि अचानक होने वाले बदलाव से लोगों की आजीविका पर बड़ा झटका न लगे और अर्थव्यवस्था संतुलित रह सके।

Advertisement