LOADING...
व्हाट्सऐप के बाद इंस्टाग्राम पर सरकार सख्त, इस मामले में मेटा को भेज सकती है नोटिस
मेटा को एक और नोटिस भेज सकती है सरकार

व्हाट्सऐप के बाद इंस्टाग्राम पर सरकार सख्त, इस मामले में मेटा को भेज सकती है नोटिस

Jul 03, 2026
06:27 pm

क्या है खबर?

फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप की मूल कंपनी मेटा भारत में लगातार सरकारी जांच का सामना कर रही है। PTI की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाट्सऐप के बाद अब केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने इंस्टाग्राम को लेकर भी मेटा को नोटिस भेजने की तैयारी की है। केंद्रीय IT मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को कंपनी से जवाब मांगने के निर्देश दिए हैं। सरकार पूरे मामले की विस्तार से जांच करना चाहती है।

मामला

क्या है पूरा मामला?

मामला इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री (CSAM) वाले विज्ञापनों से जुड़ा है। केंद्र सरकार जानना चाहती है कि ऐसे विज्ञापन प्लेटफॉर्म पर कैसे दिखाई दिए और उन्हें रोकने के लिए मेटा ने क्या सुरक्षा व्यवस्था बनाई है। मंत्रालय कंपनी से पूरे मामले पर विस्तृत जवाब मांगेगा। साथ ही भविष्य में इस तरह के विज्ञापनों को रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी भी मांगी जाएगी।

नोटिस

व्हाट्सऐप को भी मिल चुका है नोटिस

इस सप्ताह मेटा के खिलाफ यह सरकार की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले केंद्र सरकार ने व्हाट्सऐप के प्रस्तावित यूजरनेम फीचर को लेकर भी नोटिस जारी किया था। सरकार ने आशंका जताई थी कि इस फीचर का गलत इस्तेमाल फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और नकली पहचान बनाकर लोगों को धोखा देने जैसे मामलों में किया जा सकता है। इसलिए फिलहाल इसके रोलआउट पर रोक लगाने को कहा गया है।

Advertisement

निर्देश

IT नियमों का पालन करने की याद दिलाई

सरकार ने मेटा से पूछा है कि प्रस्तावित फीचर पर सूचना प्रौद्योगिकी कानून के तहत कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए। साथ ही कंपनी को याद दिलाया गया है कि भारत में बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के रूप में उसे सभी कानूनी नियमों और जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। सरकार का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर यूजर्स की सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

Advertisement