आरोग्य सेतु 2.0 लॉन्च, अब एक ऐप में मिलेंगी कई डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं
क्या है खबर?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज (29 जून) आरोग्य सेतु 2.0 प्लेटफॉर्म को लॉन्च कर दिया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इसका शुभारंभ किया। कोविड-19 के दौरान संपर्क ट्रेसिंग के लिए शुरू किया गया यह ऐप अब एक बड़े डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म में बदल गया है। नए वर्जन में लोगों को एक ही जगह कई स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा और इलाज से जुड़ी प्रक्रियाएं पहले से अधिक आसान होंगी।
सेवाएं
एक ही ऐप में मिलेंगी कई स्वास्थ्य सेवाएं
आरोग्य सेतु 2.0 के जरिए यूजर अपना आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) बना और मैनेज कर सकेंगे। इसके अलावा, मेडिकल रिकॉर्ड, लैब रिपोर्ट, डॉक्टर की पर्ची और डिस्चार्ज समरी जैसी जरूरी जानकारी डिजिटल रूप में देख सकेंगे। ऐप के माध्यम से अस्पताल, डॉक्टर, डायग्नोस्टिक सेंटर और ब्लड बैंक भी आसानी से खोजे जा सकेंगे। इससे इलाज से जुड़ी कई सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी, जिससे लोगों को आसानी होगी।
रिकॉर्ड
अपॉइंटमेंट, भुगतान और परिवार का रिकॉर्ड भी होगा आसान
नए प्लेटफॉर्म में 'स्कैन एंड शेयर' नाम का नया फीचर दिया गया है, जिससे अस्पतालों में OPT पंजीकरण जल्दी किया जा सकेगा और लंबी कतारों से राहत मिलेगी। यूजर QR कोड के जरिए डिजिटल भुगतान भी कर सकेंगे। साथ ही एक ही अकाउंट से परिवार के कई सदस्यों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड मैनेज करने की सुविधा मिलेगी। पात्र लोग आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अस्पतालों और इलाज की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
सुरक्षा
डाटा रहेगा सुरक्षित, यूजर की मंजूरी से होगा साझा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर्स के साथ आने वाले आरोग्य सेतु 2.0 ऐप में मेडिकल रिकॉर्ड केवल यूजर की अनुमति मिलने पर ही किसी अस्पताल या डॉक्टर के साथ साझा किए जाएंगे। ऐप को डिजिलॉकर से भी जोड़ा गया है, जिससे जरूरी स्वास्थ्य दस्तावेज सुरक्षित रखे जा सकेंगे। इससे लोगों को बार-बार कागजी रिकॉर्ड साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। केंद्र सरकार का कहना है कि इससे डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं पहले से अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेंगी।
अन्य
ABDM से जुड़कर मजबूत होगा डिजिटल हेल्थ सिस्टम
आरोग्य सेतु 2.0 को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत विकसित किया गया है। इस मिशन का उद्देश्य देशभर में डिजिटल हेल्थकेयर नेटवर्क तैयार करना है, ताकि मरीज जरूरत पड़ने पर अपने मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित तरीके से कहीं भी इस्तेमाल कर सकें। सरकार का लक्ष्य अपॉइंटमेंट, स्वास्थ्य रिकॉर्ड, बीमा जानकारी, भुगतान और दूसरी स्वास्थ्य सेवाओं को एक ही ऐप में उपलब्ध कराकर इलाज की प्रक्रिया को आसान बनाना है।