होटल में चेक-इन के लिए नहीं पड़ेगी आधार कार्ड की जरूरत, जानिए कैसे करें इस्तेमाल
क्या है खबर?
आपको भ्रमण के दौरान आपको होटल में चेक-इन करते समय आधार कार्ड की जरूरत होती है। अगर, आप कार्ड भूल जाए तो परेशानी खड़ी हो सकती है। आपकी इस समस्या का हल निकालने के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने एमआधार ऐप में ऐसा कमाल का फीचर अपडेट किया है, जिसके बाद आपको कार्ड जेब में रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आइए जानते हैं नया सिस्टम कैसे काम करता है और इसका उपयोग कैसे करना है।
सिस्टम
कैसे काम करता है सिस्टम?
अब आप होटल्स और अन्य जगहों पर QR कोड और फेस ऑथेंटिकेशन का उपयोग करके अपनी पहचान सत्यापित कर सकते हैं। आपको अपना आधार कार्ड या उसकी फोटोकॉपी साथ रखने की आवश्यकता नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार ने डिजिटल इंडिया के तहत होटल्स को निर्देश दिए हैं कि वे एमआधार ऐप में मिलने वाले डिजिटल आधार को फिजिकल ID के बराबर ही मान्यता दें। इसमें मौजूद QR कोड और डिजिटल सिग्नेचर इसे पूरी तरह सिक्योर और ओरिजिनल बनाते हैं।
सीमित जानकारी
देनी होगी सीमित जानकारी
UIDAI के इस नए फीचर का नाम ऑफलाइन वेरिफिकेशन है। जब आप किसी होटल में पहुंचेंगे तो वहां रिसेप्शन पर आपको एक खास QR कोड दिखेगा। आपको अपने आधार ऐप से उस QR कोड को स्कैन करना होगा। स्कैन करते ही आपके पास विकल्प आएगा कि आप होटल को अपनी कौन-सी जानकारी देना चाहते हैं। शेयर विकल्प पर क्लिक करेंगे तो होटल के सिस्टम में आपकी डिजिटल जानकारी पहुंच जाएगी। इसमें 12 अंकों का आधार नंबर छिपा हुआ रहता है।
तरीका
इस तरीके से करें फीचर का इस्तेमाल
इसके लिए सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से एमआधार ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद अपना आधार नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालकर OTP के जरिए लॉग-इन करें। ऐप के मेन डैशबोर्ड पर आपको 'शेयर e-KYC' या 'पेपरलेस ऑफलाइन e-KYC' का विकल्प दिखेगा। अब आप सुरक्षा के लिए एक 4 अंकों का 'शेयर कोड' बनाएं। यह कोड आपको होटल स्टाफ को बताना होगा। ऐप एक जिप फाइल या QR कोड जेनरेट करेगा, जिसे होटल स्टाफ अपने सिस्टम में स्कैन कर लेगा।
फायदा
फीचर का होगा यह फायदा
यह फीचर आधार उपयोग में एक सुरक्षा की परत जोड़ता है, क्योंकि अक्सर होटल्स में आधार की फोटोकॉपी देना खतरे से खाली नहीं होता है। गलत हाथों में पहुंचने पर इसका कोई भी गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। इस ऐप के जरिए होने वाले इस डिजिटल वेरिफिकेशन में आपका डाटा सुरक्षित रहता है। इसके जरिए होटल आपकी केवल वही जानकारी देख पाएगा, जो पहचान के लिए जरूरी है। इससे कोई जरूरी जानकारी चोरी होने का खतरा नहीं रहेगा।