2005 की तुलना में 30 फीसदी कम बात कर रहे लोग, अध्ययन में खुलासा
एक नए अध्ययन से पता चला है कि वर्तमान में हम पहले से काफी कम बातें करते हैं। 2005 की तुलना में अब हर दिन करीब 30 फीसदी कम शब्द बोले जा रहे हैं।
इस अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने अमेरिका, मेक्सिको, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के लगभग 2,200 लोगों के डाटा पर गौर किया, जिनकी उम्र 10 से 94 साल के बीच थी। आंकड़ों के हिसाब से, अब लोग रोजाना औसतन 12,792 शब्द बोलते हैं।
ऐप्स ले रहे बातचीत की जगह
25 साल से कम उम्र के नौजवानों के बोलने वाले शब्दों की संख्या में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है। हर साल उनके शब्द करीब 451 घट रहे हैं। दूसरे आयु समूहों के मुकाबले यह कमी कहीं ज्यादा है।
इस अध्ययन के मुताबिक, ऐप्स और ऑनलाइन डिलीवरी जैसी चीजें अब आमने-सामने की बातचीत की जगह ले रही हैं।
साथ ही, महामारी ने भी लोगों की आम बातचीत को बहुत कम कर दिया है। सह लेखिका वैलेरिया फेफर कहती हैं, "हमें ज्यादा अकेलापन और जुड़ाव की कमी महसूस हो सकती है।"