प्राकृतिक तरीके से गहरी नींद लेने में कारगर हैं ये 5 AI टूल
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) नींद सुधारने के तरीके में बड़ा बदलाव ला रहा है। इससे नींद की गोलियों या सप्लीमेंट्स की जरूरत नहीं पड़ती। टूल नींद के तरीके, शरीर के तापमान, दिल की धड़कन और शरीर की हलचल पर लगातार नजर रखते हैं। इनसे गहरी और आरामदायक नींद के लिए खास तरह का माहौल और रूटीन बनाने में मदद मिलती है। आइये जानते हैं ऐसे 5 बेहतरीन AI टूल, जो प्राकृतिक तरीके से नींद को बेहतर बनाने का काम करते हैं।
#1
एट स्लीप पॉड 5
एट स्लीप पॉड 5 एक स्मार्ट मैट्रेस कवर है। यह AI टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके हर सेकेंड हजारों डाटा पॉइंट्स पर नजर रखता है। यह आपकी दिल की धड़कन, सांस लेने के तरीके और नींद के अलग-अलग चरणों को रिकॉर्ड करता है। साथ ही, अपने आप बिस्तर का तापमान भी एडजस्ट करता है, ताकि आपको सबसे अच्छी नींद आ सके। इससे आप जल्दी सो पाते हैं और आपकी बॉडी बेहतर तरीके से रिकवर होती है।
#2
नाइट्रॉनिक A1 स्मार्ट पिलो
नाइट्रॉनिक A1 स्मार्ट पिलो खर्राटों को रोकने के लिए बनाया है। इसमें एडजेस्टेबल AI सेंसर और हवा भरने वाले चैंबर होते हैं। जब आपको सांस लेने में दिक्कत होती है तो यह उसे पहचान लेता है। फिर, धीरे से आपके सिर को इस तरह घुमाता है, जिससे श्वांस की नली खुल जाए और आप बिना जागे आराम से सो सकें। यह पिलो रातभर आपके सोने के तरीके को समझता रहता है, जिससे नींद में खलल कम पड़ता है।
#3
नाइट्रॉनिक T3 प्रो स्मार्ट मैट्रेस पैड
नाइट्रॉनिक T3 प्रो स्मार्ट मैट्रेस पैड में AI सेंसर लगे होते हैं, जो गद्दे के नीचे रहते हैं। ये रातभर आपकी सांस लेने के तरीके और शरीर की पोजिशन पर नजर रखते हैं। यह स्मार्ट एयर चैंबर का इस्तेमाल करके आपके शरीर की बनावट को धीरे से एडजस्ट करता है, जिससे हवा का बहाव बेहतर होता है। इससे खर्राटे और रातभर करवटें बदलना कम होता है। यह आपके आराम और सपोर्ट को बेहतर बनाता है, जिससे गहरी नींद मिलती है।
#4
विथिंग्स स्लीप एनालाइजर
विथिंग्स स्लीप एनालाइजर को आपके गद्दे के नीचे रखा जाता है। यह ऐसा ट्रैकर है, जिसे पहनना नहीं पड़ता। यह AI का इस्तेमाल करके आपकी नींद के चक्र, दिल की धड़कन के उतार-चढ़ाव और सांस लेने के तरीके का विश्लेषण करता है और स्लीप एपनिया जैसी दिक्कतों को शुरुआती दौर में ही पहचान लेता है। डिवाइस आपको सोने के सही समय जैसी सलाह भी देता है। इसके लिए आपको कोई भी वियरेबल डिवाइस पहनने की जरूरत नहीं पड़ती।
#5
कोकून के नाइटबड्स बाय कोकून
कोकून के नाइटबड्स AI-एन्हांस्ड ईयरबड्स हैं। ये आपके दिमाग की तरंगों और नींद के चरणों को ट्रैक करके ऑडियो थेरेपी देते हैं। ये ईयरबड्स आपकी नींद के तरीके के हिसाब से व्हाइट नॉइज या प्रकृति की आवाजों जैसे खास साउंडस्केप बजाते हैं। आपको गहरी नींद में ले जाने में मदद करते हैं और हल्की नींद के दौरान धीरे से जगाते भी हैं। इनकी बैटरी रातभर चलती है, जिससे आप इन्हें बिना किसी रुकावट के इस्तेमाल कर सकते हैं।