Page Loader
लिंक्डइन आउटेज ने करीब 15,000  यूजर्स को किया प्रभावित, कंपनी ने मांगी माफी
लिंक्डइन यूजर्स भारत में भी प्रभावित हुए।

लिंक्डइन आउटेज ने करीब 15,000 यूजर्स को किया प्रभावित, कंपनी ने मांगी माफी

Sep 22, 2022
06:20 pm

क्या है खबर?

माइक्रोसॉफ्ट की लोकप्रिय प्रोफेशन नेटवर्किंग साइट लिंक्डइन बुधवार (21 सितंबर) को कुछ समय के लिए बंद हो गई थी, जिसकी वजह से हजारों यूजर्स प्रभावित हुए। हालांकि, यह समस्या कुछ समय के लिए ही रही और इसका समाधान जल्द कर दिया गया। आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector.com के अनुसार , दुनियाभर में लगभग 15,000 यूजर्स ने सोशल नेटवर्किंग साइट संबंधित समस्याओं की सूचना दी। इसमें भारतीय यूजर्स भी शामिल हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

साल 2002 में शुरू हुई लिंक्डइन की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है। माइक्रोसॉफ्ट ने जब से 2016 में कंपनी का अधिग्रहण किया है, तब से यह करियर से संबंधित सोशल मीडिया वेबसाइट की तुलना में बेहतर रही है। वर्तमान में लिंक्डइन के 850 मिलियन (लगभग 85 करोड़) यूजर्स हैं। यह साइट प्रोफेशनल लोगों के लिए मददगार है। इसलिए साइट में आया एक आउटेज दुनियाभर के कई प्रोफेशनल लोगों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है।

जानकारी

आउटेज का जल्द निवारण हुआ

21 सितंबर को दुनियाभर में कई यूजर्स को लोकप्रिय प्रोफेशनल सोशल नेटवर्किंग साइट लिंक्डइन को खोलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। यह समस्या बुधवार की रात 10:30 बजे से शुरू हुई थी, जिसे रात 11:45 बजे तक सुलझा दिया गया था। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि किस वजह से लिंक्डइन यूजर्स को इन समस्याओं का सामना करना पड़ा। कंपनी इसकी जांच कर रही है।

यूजर्स

कुछ यूजर्स को ही करना पड़ा था समस्या का सामना

Downdetector के अनुसार, लगभग 15,000 लिंक्डइन यूजर्स ने समस्याओं की सूचना दी थी। Downdetector ने अपने प्लेटफॉर्म पर यूजर्स द्वारा रिपोर्ट की गई समस्याओं समेत कई अन्य चीजों की रिपोर्ट्स से आउटेज को ट्रैक किया है। इससे पता चला कि यह समस्या दुनियाभर में समान रूप से महसूस नहीं की गई। कुछ लोगों को ही समस्याओं का सामना करना पड़ा, जबकि अधिकतर को नहीं। लिंक्डइन आउटेज से प्रभावित होने की लिस्ट में भारतीय यूजर्स भी शामिल थे।

प्रभाव

वेबसाइट तक पहुंचने में यूजर्स को हुई समस्या

Downdetector ने बताया कि ज्यादातर शिकायतें उन यूजर्स की ओर से आईं है, जिन्होंने लिंक्डइन वेबसाइट खोलने का प्रयास किया था। शिकायतों में से एक तिहाई यूजर्स ने मोबाइल ऐप संबंधित समस्याओं की सूचना दी। केवल सीमित संख्या के यूजर्स को अपनी प्रोफाइल खोलने के दौरान समस्या का सामना करना पड़ा। लिंक्डइन ने आउटेज की रिपोर्ट का तुरंत जवाब नहीं दिया। कंपनी ने बाद में ट्वीट करके बताया कि वे इस समस्या पर काम कर रहे हैं।

ट्विटर पोस्ट

लिंक्डइन ने आउटेज के लिए माफी मांगी