पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम आते ही जश्न पर रोक, विजय जुलूस-सार्वजनिक समारोह की मनाही
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के परिणाम आते ही विजय जुलूस और जश्न पर रोक लगा दिया गया है। यह रोक एक दिन के लिए लागू रहेगी। कोलकाता पुलिस ने आदेश जारी कर बताया कि सोमवार 4 मई को शांति और सुकून बनाए रखने के लिए, चुनाव नतीजों के संबंध में कोई भी जीत का जुलूस, रैली या सार्वजनिक जश्न नहीं निकाला जाएगा। यह रोक बिना किसी छूट के सभी राजनीतिक पार्टियों या संगठनों पर एक जैसी लागू होगी।
आदेश
जुलूस निकालने के लिए लेनी होगी अनुमति
कोलकाता पुलिस ने आदेश में बताया कि अगर कोई विजय जुलूस निकालना हो, तो वह 5 मई, 2026 को या उसके बाद, संबंधित पुलिस स्टेशन के प्रमुख से पहले अनुमति लेने के बाद ही निकाला जा सकता है। अगर किसी को अनुमति मिलती है तो उन्हें नियमों और दिशानिर्देश का पालन करना होगा। उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई होस कती है। पुलिस ने कोलकाता में जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
चुनाव
बंगाल में भाजपा बनाती दिख रही सरकार
शुरूआती रुझानों में भाजपा और सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) में कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन अब भाजपा यहां इतिहास रचने की ओर बढ़ रही है। फिलहाल TMC कुल 92 और भाजपा 187 सीटों पर आगे चल रही है। ऐसे में यहां पहली बार भाजपा की सरकार बन सकती है और ममता बनर्जी को अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ सकती है। पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 148 है।