LOADING...
बंगाल में UCC लागू करने की तैयारी, भाजपा सरकार अगले हफ्ते विधानसभा में पेश करेगी विधेयक
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार विधानसभा सत्र में पेश करेगी UCC विधेयक

बंगाल में UCC लागू करने की तैयारी, भाजपा सरकार अगले हफ्ते विधानसभा में पेश करेगी विधेयक

लेखन गजेंद्र
Jun 26, 2026
12:50 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में सत्ता में आई भाजपा सरकार राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी मौजूदा विधानसभा सत्र में एक विधेयक पेश कर सकते हैं। पार्टी नेताओं ने संकेत दिया है कि बंगाल में सरकार की प्राथमिकता वाले विधायी उपायों में विधानसभा के समक्ष UCC विधेयक पेश करना शामिल होगा। भाजपा ने चुनाव के दौरान अपने संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) में भी इसे लेकर प्रतिबद्धता जताई थी।

विधेयक

अगले सप्ताह पेश होगा विधेयक

संभावना है कि विधेयक को अगले हफ्ते सोमवार को विधानसभा में पेश किया जाएगा, जिस पर बहस हो सकती है। इस पर ममता बनर्जी से बगावत करने वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायकों का रुख देखने वाला होगा। बता दें, बंगाल चुनाव के दौरान संकल्प पत्र जारी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वादा किया था कि सरकार बनते ही 6 महीने में UCC लागू करेंगे। TMC ने अपने घोषणापत्र में इसे न लागू करने की बात कही थी।

कानून

उत्तराखंड, गुजरात और असम में लागू हो चुका है कानून

UCC के तहत देश के सभी वर्गों पर एक समान कानून लागू होगा। अभी देश में विवाह-तलाक, उत्तराधिकार और गोद लेने जैसे मुद्दों पर सभी धर्मों के अपने-अपने कानून हैं और वे उन्हीं को मानते हैं। UCC लागू होने पर सभी धर्मों को इन मुद्दों पर एक कानून को मानना होगा। उत्तराखंड ने सबसे पहले फरवरी 2024 में अपना UCC विधेयक पारित किया था। इसके बाद गुजरात ने इस साल मार्च में और मई में असम ने इसे लागू किया।

Advertisement