LOADING...
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान शुरू, जानिए प्रमुख उम्मीदवार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान शुरू, जानिए प्रमुख उम्मीदवार

Apr 29, 2026
07:08 am

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में दूसरे चरण के तहत 8 जिलों की 142 सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया है। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। यह चरण काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें कोलकाता और दक्षिण बंगाल की सीटें शामिल हैं, जो तृणमूल कांग्रेस का गढ़ है। इस चरण के मतदान के लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी की है। आइए इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों पर नजर डालते हैं।

आंकड़े

दूसरे चरण के मतदान से जुड़े अहम आंकड़े

दूसरे चरण में कुल 1,448 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 1,228 पुरुष और 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। इस चरण में कुल 3.21 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1.64 करोड़ पुरुष और 1.57 करोड़ महिला मतदाता हैं। इसी तरह 792 थर्ड जेंडर मतदाता भी हैं। इस बार 18-19 साल के 4.12 लाख नए मतदाता भी पहली बार वोट डालेंगे। 1.96 लाख मतदाताओं की उम्र 85 साल से अधिक है, जबकि 3,243 मतदाता 100 साल से अधिक के है।

जानकारी

SIR के तहत नाम कटने वाले 1,468 मतदाता भी डालेंगे वोट

चुनाव आयोग के अनुसार, कुल 1,468 लोग, जिन्हें SIR से जुड़े ट्रिब्यूनल के आदेशों के बाद पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में जोड़ा गया है, वे दूसरे चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें नाम SIR में हटा दिए गए थे।

Advertisement

मतदान

बंगाल में कहां-कहां हो रहा है मतदान?

पश्चिम बंगाल में 8 जिलों की 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें नादिया की 17, उत्तर 24 परगना की 33, दक्षिण 24 परगना की 31, कोलकाता की 11, हावड़ा की 16, हुगली की 18, पूर्वी बर्धमान की 8 और पश्चिम बर्धमान की 8 सीटें शामिल हैं। उत्तर और दक्षिण 24 परगना में कुल 64 सीटें शामिल हैं। ये इस चरण के परिणाम के लिए निर्णायक हैं। ऐसे में सभी दलों की निगाहें इस चरण पर टिकी हुई हैं।

Advertisement

उम्मीदवार

दूसरे चरण में शामिल हैं ये प्रमुख उम्मीदवार

इस चरण की सबसे चर्चित सीटों में भबानीपुर सबसे ऊपर है। इस सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी से सीधा मुकाबला होगा। इसी तरह इस चरण में TMC के अरूप बिस्वास, शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम, वरिष्ठ मंत्री सोवनदेब चटोपाध्याय, शिक्षा मंत्री बृत्य बसु, वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य, देबाशीष कुमार, मदन मित्रा, राज चक्रवर्ती, मनोज तिवारी, भाजपा के स्वप्नदास गुप्ता, अर्जुन सिंह, दिपांजन चक्रवर्ती और रत्ना देबनाथ की किस्मत भी दांव पर होगी।

करोड़पति

दूसरे चरण में 358 उम्मीदवार करोड़पति, 312 पर आपराधिक मामले

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) के मुताबिक, दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 1,448 उम्मीदवारों में से 358 करोड़पति हैं। सबसे ज्यादा 132 करोड़पति उम्मीदवार TMC से, जबकि भाजपा के लिए ये आंकड़ा 124 है। इसी तरह 312 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले दर्ज होने की घोषणा की है, जिनमें से 218 पर हत्या, अपहरण और बलात्कार जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। भाजपा के सर्वाधिक 82 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

सुरक्षा

चुनाव के लिए तैनात की गई हैं 2,321 कंपनियां

आयोग ने दूसरे चरण में सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्रीय बलों की 2,321 कंपनियां तैनात की गई हैं। इनके साथ 38,297 राज्य पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहेंगे। हर बूथ पर आधी कंपनी, 3 बूथ वाले भवनों पर एक कंपनी और 5 बूथ वाले भवनों पर 2 कंपनियां तैनात होगी। कोलकाता में कुल 273, पूर्व बर्धमान में 260, बैरकपुर में 160, बारुईपुर में 161, कृष्णनगर में 158 और हावड़ा ग्रामीण में 147 और डायमंड हार्बर में (134) कंपनियां तैनात की गई हैं।

मतदान

पहले चरण में हुआ था रिकॉर्ड 92.88 प्रतिशत मतदान

राज्य में 23 अप्रैल को पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हुआ था। इसमें 92.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इस हिसाब से करीब 3.44 करोड़ लोगों ने वोट डाला था। इसको लेकर चुनाव आयोग ने बताया कि ये अब तक का सबसे रिकॉर्ड तोड़ मतदान है। हालांकि, इन आंकड़ों में पोस्टल बैलेट और सर्विस वोटर्स के मत शामिल नहीं है। इनकी सटीक जानकारी 4 मई को ही सामने आ सकेगी।

Advertisement