उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुद्धिकरण हवन को 'छुआछूत' कहने पर राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज
क्या है खबर?
उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के रैली स्थल पर शुद्धिकरण हवन को लेकर चल रहे विवाद में एक नया मोड़ सामने आया है। उत्तराखंड पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर घटना को जातीय रंग देने का आरोप लगाते हुए अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत FIR दर्ज की है। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने यह FIR जवाहर नगर कॉलोनी के निवासी और श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा समिति के सदस्य अमित कुमार की शिकायत के बाद दर्ज की गई है।
घटना
शिकायत करने वाले ने क्या कहा?
कुमार (26) ने रविवार को अपनी शिकायत में दावा किया कि वह वाल्मीकि समुदाय का सदस्य है, और उसने अन्य सदस्यों के साथ 11 अगस्त को रामलीला मैदान में सफाई और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया था।
उसने दावा किया कि इस कृत्य का किसी व्यक्ति या जाति से कोई संबंध नहीं।
उसका कहना है, "इसके बावजूद, राहुल गांधी ने 29 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिना किसी सत्यापन के इसे छुआछूत बताकर अनुसूचित जाति के खिलाफ अपराध बताया है।
शिकायत
किन धाराओं में दर्ज हुई FIR
शिकायत के आधार पर, पुलिस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (धर्म, जाति के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना और सद्भाव बनाए रखने के लिए हानिकारक कार्य करना), धारा 299 (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य, किसी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से उसके धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करना) और SC/ST अधिनियम की धारा 3 (1) (Q) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
विवाद
क्या है हवन शुद्धिकरण का मामला?
खड़गे ने 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद 2 दिन बाद, श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास संगठन ने मैदान के शुद्धिकरण के लिए हवन किया।
संगठन ने कहा कि कांग्रेस ने जो नारे लगाए थे, उससे रामलीला मैदान अशुद्ध हो गया था, जिसके कारण यहां शुद्धिकरण हवन कराया गया।
राहुल गांधी ने 29 अगस्त को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इसे छुआछूत और दलितों के खिलाफ अत्याचार बताया था।