उत्तर प्रदेश: महोबा में भाजपा जिलाध्यक्ष पर महिला नेता का आरोप, कहा- हमबिस्तर होने को कहा
क्या है खबर?
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर छिड़े राजनीतिक घमासान के बीच उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक चौंकाने वाली खबर आई है। मोहबा में भाजपा की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। तिवारी ने फेसबुक लाइव पर आकर कहा कि कुशवाहा ने उनको जिला उपाध्यक्ष का पद दिलाने के बदले उनके सामने शारीरिक संबंध बनाने की शर्त रखी थी। वीडियो को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
आरोप
पूर्व जिला मंत्री दीपाली ने क्या कहा?
दीपाली ने फेसबुक पर अपनी और कुशवाहा की बातचीत का जिक्र कर बताया कि उन्होंने कुशवाहा से कहा, "अभी-अभी मेरा घर-मकान बिक चुका है, मेरे पति का काम भी बंद चल रहा है, आपको पता है। मैं आर्थिक रूप से इतनी कमजोर हूं कि आपको कुछ दे नहीं सकती। मोहनलाल जी ने मुझसे कहा- अरे दीपाली जी, आपके पास देने को बहुत कुछ है। मैंने कहा- भाई साहब समझी नहीं। इन्होंने कहा- आप समझदार हैं। इशारों को समझिए।"
आरोप
मुझे बताने में भी शर्म आ रही- दीपाली
दीपाली ने आगे बताया, "मैंने कहा- मैं न तो इशारों में बात करती हूं और न मुझे समझ में आता है। आप खुलकर बताइए, अगर मेरे शक्ति में होगा तो जरूर करूंगी। तो मोहनलाल जी ने कहा- अगर में आपको जिला उपाध्यक्ष बना देता हूं तो आप मेरे साथ लखनऊ-दिल्ली चलेंगी, किसी को शक भी नहीं होगा। मैं कैसे कहूं, मुझे खुद भी शर्म आ रही। इस नीच व्यक्ति ने मुझसे कहा- बस एक बार मेरे साथ हमबिस्तर हो जाइए।"
धमकी
प्रस्ताव ठुकराने पर मिलने लगी धमकियां
भारत समाचार के मुताबिक, पीड़िता तिवारी ने बताया कि जब उन्होंने जिलाध्यक्ष का प्रस्ताव ठुकरा दिया तो उन्हें और उनके परिवार को फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकियां मिलने लगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने लगातार बढ़ते मानसिक दबाव से तंग आकर पार्टी के पदों से इस्तीफा दिया था। कांग्रेस ने मुद्दे पर भाजपा को घेरा है और सोशल मीडिया पर लिखा कि इस तरह की घटनाएं भाजपा के पाखंड और उसकी महिला-विरोधी मानसिकता को उजागर करती हैं।
ट्विटर पोस्ट
भाजपा की महिला नेता के आरोप पर कांग्रेस का निशाना
BJP का जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा BJP की महिला नेता से पद देने के बदले सेक्स मांग रहा है।
— Congress (@INCIndia) April 27, 2026
मोहनलाल कुशवाहा ने महिला नेता से कहा- 'मेरे साथ हमबिस्तर हो जाओ, तुम्हें जिला उपाध्यक्ष बना दूंगा'
महिला के विरोध करने पर BJP नेता ने ऑफर बढ़ाकर जिला पंचायत का टिकट देने की बात भी कही।… pic.twitter.com/Dbq5go4s4H