LOADING...
दिल्ली में उद्धव ठाकरे ने बुलाई शिवसेना की संसदीय दल की बैठक, 6 सांसद गायब
दिल्ली में उद्धव ठाकरे ने बुलाई शिवसेना की संसदीय दल की बैठक

दिल्ली में उद्धव ठाकरे ने बुलाई शिवसेना की संसदीय दल की बैठक, 6 सांसद गायब

लेखन गजेंद्र
Jun 18, 2026
02:11 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की शिवसेना की टूट अब सामने आ गई है। उन्होंने गुरुवार को दिल्ली में 9 लोकसभा सांसदों की संसदीय बैठक बुलाई थी, जिसमें 6 गायब रहे। सांसदों ने पार्टी की ओर से जारी 3-पंक्ति व्हीप को भी दरकिनार कर दिया, जिसमें उनको गुरुवार की बैठक में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया था। बैठक में सिर्फ 3 लोकसभा सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजभाऊ वाजे उपस्थित थे।

बैठक

ये सांसद बैठक में नहीं आए

शिवसेना के मुख्य सचेतक अनिल देसाई ने जारी व्हीप में कहा था कि बैठक पार्टी मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाई गई है, जिसमें सभी सांसदों को संसद भवन स्थित संसदीय पार्टी कार्यालय में आना अनिवार्य है। बैठक में सभी 9 सांसदों के नामों के साथ उपस्थिति पत्रक तैयार किया गया था। हालांकि, इसमें संजय देशमुख (यवतमाल), संजय जाधव (परभणी), नागेश पाटिल-आष्टिकर (हिंगोली), भाऊसाहेब वाकचौरे (शिरडी), ओमराजे निंबालकर (धाराशिव) और संजय दीना पाटिल (मुंबई उत्तर-पूर्व) शामिल नहीं हुए।

बयान

सबक सिखाने के बाद जेल जाऊंगा- संजय राउत

सांसदों की अनुपस्थिति पर राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता संजय राउत ने कहा, "वे सोचते हैं कि उन्होंने एक बार में ही यह कर दिखाया है। मैं उन्हें बताऊंगा, साबित करके दिखाओ...क्या तुम लोकतंत्र का मज़ाक उड़ा रहे हो? क्या तुम्हारे पास बहुत पैसा है? तुम ED और CBI से किसे धमका रहे हो? हमें? हम पहले भी जेल जा चुके हैं और दोबारा जाने के लिए तैयार हैं। लेकिन मैं तुम्हें सबक सिखाने के बाद ही जेल जाऊंगा।"

Advertisement

नोटिस

सांसदों को नोटिस जारी, नया गुट बना सकते हैं बागी सांसद

बैठक में व्हीप के बावजूद सांसदों की अनुपस्थिति को नियम का उल्लंघन बताते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की तैयारी की जा रही है। राउत ने इसे विश्वासघात, बेईमानी, साजिश और धोखाधड़ी बताते हुए कहा कि पार्टी बागी सांसदों को अयोग्य घोषित कर सकती है। इस बीच, खबर आई है कि बागी 6 सांसद एक नया गुट बना सकते हैं, जिसका नेतृत्व परभणी के सांसद संजय बंदू जाधव करेंगे। यह गुट राष्ट्रीय जनतांत्रिक पार्टी (NDA) का समर्थन करेगा।

Advertisement