LOADING...
केरल: अलाप्पुझा में 12 घंटे के अंदर दो राजनीतिक हत्याएं, धारा 144 लागू
केरल: अलाप्पुझा में 12 घंटे के अंदर दो राजनीतिक हत्याएं, धारा 144 लागू

केरल: अलाप्पुझा में 12 घंटे के अंदर दो राजनीतिक हत्याएं, धारा 144 लागू

Dec 19, 2021
12:54 pm

क्या है खबर?

केरल के अलाप्पुझा जिले में 12 घंटे के अंदर दो राजनीतिक हत्याओं से माहौल गर्म हो गया है। जिले में पहले शनिवार शाम को सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के एक नेता की हत्या की गई और फिर आज सुबह भाजपा नेता की घर में घुस कर हत्या कर दी गई। राज्य में एहतियातन धारा 144 लगा दी गई है और किसी भी तरह की राजनीतिक सभा पर रोक लगा दी गई है।

पहला मामला

बाइक से घर लौट रहे SDPI के नेता पर अज्ञात लोगों ने किया हमला

पहले मामले में SDPI के नेता केएस शान पर शनिवार शाम को कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया। शान अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी कार में आए एक गैंग ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद उन्हें घायल अवस्था में आधी रात एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें कोच्चि रेफर किया गया जहां उनकी मौत हो गई। उनके शरीर पर चोट के 40 निशान मिले हैं।

दूसरा मामला

आज सुबह हुई भाजपा नेता की हत्या

अभी शान की हत्या का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि लगभग 12 घंटे बाद भाजपा के अन्य पिछड़ा दल (OBC) मोर्चा के सचिव रंजीत श्रीनिवासन की उनके घर में घुसकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि एक अज्ञात समूह आज सुबह अलाप्पुझा स्थित उनके घर के अंदर घुस आया और धारदार हथियारों से हमला करके उनकी हत्या कर दी। दोनों ही मामलों में अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हुई है।

Advertisement

आरोप

SDPI ने RSS पर लगाया अपने नेता की हत्या का आरोप

SDPI के अध्यक्ष एमके फैजी ने आरोप लगाया है कि शान की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यकर्ताओं ने हत्या की। आशंका है कि शान की हत्या के बदले में भाजपा नेता श्रीनिवासन की हत्या की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जिले में हिंसा न फैले, ये देखते हुए एहतियात के तौर पर धारा 144 लागू कर दी गई है।

Advertisement

आलोचना

मुख्यमंत्री ने कहा- ऐसी जघन्य और अमानवीय हिंसा राज्य के लिए खतरा

मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने बयान जारी कर दोनों हत्याओं की निंदा की है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, "हिंसा के ऐसे जघन्य और अमानवीय कृत्य राज्य के लिए खतरा हैं। मुझे भरोसा है कि सभी लोग ऐसे हत्यार समूहों और उनके नफरत भरे व्यवहार की पहचान करने और उन्हें अलग-थलग करने के लिए तैयार हैं।" मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस हमला करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

Advertisement