तमिलनाडु: थलापति विजय को राज्यपाल ने दूसरी बार लौटाया, बोले- 118 विधायकों के हस्ताक्षर लेकर आओ
क्या है खबर?
तमिलनाडु में चुनाव समाप्त होने के बाद अब बड़ा राजनीतिक ड्रामा चल रहा है। सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख थलापति विजय गुरुवार को फिर राज्यपाल से मिलने लोकभवन पहुंचे हैं। हालांकि, राज्यपाल ने लगातार दूसरे दिन विजय के सरकार बनाने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यपाल ने विजय को बताया कि शपथ ग्रहण प्रक्रिया शुरू होने से पहले उन्हें 118 विधायकों के हस्ताक्षर लाना जरूरी है।
आश्वासन
राज्यपाल का आश्वासन- दूसरी पार्टी को आमंत्रित नहीं किया जाएगा
इंडिया टुडे ने तमिलनाडु लोक भवन के सूत्रों के हवाले से बताया है कि राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने विजय को आश्वासन दिया है कि सरकार बनाने के लिए किसी अन्य पार्टी को आमंत्रित नहीं किया जाएगा। TVK से कहा गया है कि शपथ ग्रहण समारोह से पहले वे समर्थन में 118 विधायकों के हस्ताक्षर लेकर आएं। सूत्रों ने यह भी बताया कि एडप्पादी के पलानीस्वामी ने राज्यपाल से मिलने के लिए कोई समय नहीं मांगा है।
मुलाकात
कल भी की थी राज्यपाल से मुलाकात
विजय ने बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर 112 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा था, जबकि राज्यपाल ने 118 विधायकों के साथ दोबारा आने को कहा था। इस बीच, विजय ने सहयोगियों से भी बातचीत करना जारी रखा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए राज्यपाल से संवैधानिक सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करने और TVK को विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने का अवसर देने का आग्रह किया है।
समर्थन
TVK की सहयोगियों से बातचीत जारी
TVK ने 234 विधानसभा सीटों में 108 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों का समर्थन दिया है। ऐसे में उसके पास 113 विधायक होते हैं। हालांकि, विजय के 2 सीटों (पेरम्बूर-पूर्व त्रिची) से जीतने के कारण ये 112 मानी गई हैं। ऐसे में उन्हें 6 विधायकों का समर्थन और चाहिए। TVK ने विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) और कम्युनिस्ट पार्टियों को भी समर्थन के लिए पत्र भेजा है और बात कर रही है। दोनों गुरुवार-शुक्रवार को बैठक करेंगी।
ट्विटर पोस्ट
थलापति विजय लोकभवन पहुंचे
Thalapathy Vijay arrives at Lok Bhavan to meet Tamil Nadu Governor
— Let's X OTT GLOBAL (@LetsXOtt) May 7, 2026
Fingers crossed 🤞 @actorvijay pic.twitter.com/lFOVnpC1hl
मुलाकात
AIADMK ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा
विजय के लोकभवन में राज्यपाल से मुलकात के बीच अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने भी राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। AIADMK ने TVK को दोपहर 1 बजे तक गठबंधन पर फैसला लेने का समय भी दिया है। इस बीच, AIADMK के कई विधायक पुडुचेरी के रिसॉर्ट में हैं। यह खबर ऐसे समय आई जब द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और AIADMK के गठबंधन की चर्चा शुरू हुई। दोनों कट्टर विरोधी हैं।