त्रिपुरा विधानसभा उपचुनाव: बोक्सानगर और धनपुर सीट पर भाजपा की जीत
त्रिपुरा में सिपाहीजाला जिले की 2 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। बोक्सानगर से भाजपा के उम्मीदवार तफज्जल हुसैन और धनपुर सीट से भी भाजपा के उम्मीदवार बिंदु देबनाथ ने जीत दर्ज की है। दोनों सीटों पर कांग्रेस और टिपरा मोथा ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था। धनपुर सीट केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के इस्तीफा देने से खाली हुई थी, वहीं बोक्सानगर सीट कम्युनिस्ट पार्टी के पास थी।
कितने अंतर से दर्ज की जीत?
धनपुर में भाजपा के देबनाथ ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के उम्मीदवार कौशिक चंदा को 18,000 से अधिक वोटों से हराया। कौशिक चंदा को 11,146 वोट मिले हैं। बोक्सानगर में हुसैन ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के उम्मीदवार मिजान हुसैन को 30,000 से अधिक मतों से हराया। हुसैन को 3,909 वोट मिले हैं। बता दें कि कम्युनिस्ट पार्टी ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए मतगणना का बहिष्कार किया था।
बोक्सानगर सीट पर हैं 66 प्रतिशत अल्पसंख्यक मतदाता
बोक्सानगर सीट से जीत दर्ज करने वाले हुसैन को भाजपा ने उम्मीदवार बनाकर बड़ा दांव खेला था। इस सीट पर करीब 66 प्रतिशत अल्पसंख्यक मतदाता हैं। इसके अलावा धनपुर सीट पर आदिवासी समुदाय के लोगों का बड़ा तबका मतदाता है। दोनों सीटों पर करीब 86.50 प्रतिशत मतदान हुआ था। बता दें कि 60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा में भाजपा के पास 33 विधायक, विपक्षी टिपरा मोथा के पास 13, कम्युनिस्ट पार्टी के 10 और कांग्रेस के 3 विधायक हैं।