तृणमूल कांग्रेस ने अपनी सभी समितियां और अनुषांगिक संगठन को भंग किया
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) का राजनीतिक संकट बढ़ता जा रहा है। इस बीच, पार्टी ने बुधवार को बड़ा कदम उठाते हुए अपनी सभी समितियां और इससे जुड़े सभी अनुषांगिक संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी ने बताया कि यह निर्णय गहन विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। आगे हर स्तर पर आत्म-निरीक्षण, कार्य-निष्पादन समीक्षा और संगठनात्मक मूल्यांकन की एक व्यापक प्रक्रिया चलाई जाएगी।
बयान
TMC ने अपना बयान जारी किया
TMC ने एक्स पर अपने बयान में कहा, 'गहन विचार-विमर्श के बाद, यह निर्णय लिया गया है कि पश्चिम बंगाल में TMC की सभी समितियां, साथ ही इसके सभी अनुषांगिक संगठन, तत्काल प्रभाव से भंग माने जाएंगे।' पार्टी ने कहा कि वह अपने संगठन को मजबूत बनाने और उसे नए उत्साह तथा उद्देश्य के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बयान
फिर से गठित होंगी समितियां
पार्टी ने आगे कहा कि वह हर स्तर पर आत्म-निरीक्षण, कार्य-निष्पादन समीक्षा और संगठनात्मक मूल्यांकन की एक व्यापक प्रक्रिया चलाएगी और इस प्रक्रिया के निष्कर्षों के आधार पर, मुख्य संगठन और सभी अनुषांगिक संगठनों की संगठनात्मक संरचना का पुनर्गठन किया जाएगा। पार्टी ने बताया कि उचित समय पर इसकी घोषणा की जाएगी। बात दें कि पश्चिम बंगाल में TMC की 35 संगठनात्मक जिला समितिया हैं, जिसमें ब्लॉक और बूथ स्तर पर समितियां जुड़ी हुई हैं।