सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या पर TMC बोली- कोर्ट की निगरानी में CBI जांच हो
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बुधवार रात को हुई भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) का बयान आया है। ममता बनर्जी की पार्टी ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कोर्ट की निगरानी में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की है। पार्टी ने बयान में कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक हत्याओं के लिए कोई जगह नहीं है।
बयान
भाजपा समर्थित उपद्रवी कर रहे हिंसक वारदात- TMC
TMC ने हत्या के कुछ घंटे बाद एक्स पर लिखा, 'हम आज रात मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की नृशंस हत्या की कड़ी निंदा करते हैं। इसके साथ ही, हम पिछले 3 दिनों में चुनाव के बाद हुई हिंसा की घटनाओं में 3 अन्य TMC कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा करते हैं। आरोप है कि ये हिंसक वारदातें भाजपा-समर्थित उपद्रवियों द्वारा की गई हैं, जबकि उस समय चुनावी आचार संहिता लागू थी।'
जांच
दोषियों को जल्द से जल्द जवाबदेह ठहराया जाए
बंगाल में भाजपा की कड़ी प्रतिद्वंद्वी TMC ने बयान में आगे कहा, 'हम चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में यथासंभव कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें अदालत की निगरानी में CBI जांच भी शामिल है, ताकि दोषियों की पहचान हो सके और उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में खड़ा किया जा सके। लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं के लिए कोई जगह नहीं है, और दोषियों को जल्द से जल्द जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।'
आरोप
भाजपा नेता ने अभिषेक बनर्जी पर लगाया आरोप
राज्य भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने TMC के महासचिव और ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हमले की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। सिंह ने कहा, "अभिषेक बनर्जी ने इस हत्या की साजिश रची है। वे यह संदेश देना चाहते हैं कि सत्ता में न होने के बावजूद भी वे हम पर अपना दबदबा बनाए रख सकते हैं। वे मूर्ख हैं। उन्हें इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।" भाजपा नेता कीया घोष ने भी इसे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता बताया है।